15 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

- टॉम क्रूज इन दिनों ‘मिशन इम्पॉसिबल’ सीरीज की नई रिलीज से चर्चा में हैं। उनके लंबे सफर के प्रेरणादायक अनुभव, उन्हीं की जुबानी…
मेरे जीवन में बहुत उतार-चढ़ाव रहे हैं। कभी मैं एक बहुत ही शरारती बच्चा था। फिर एक साल ऐसा भी आया जब मैं पादरी बनने के लिए सेमिनरी में पढ़ाई कर रहा था। उस समय मैं बहुत निराश था, ज्यादा दोस्त नहीं थे। मेरे सबसे करीबी लोग मेरे परिवार के सदस्य थे। मुझे लगता है, वे मेरे बारे में परेशान रहते थे क्योंकि मुझमें बहुत ऊर्जा थी और मैं किसी एक चीज पर टिक नहीं पाता था। अगर मैं आइसक्रीम की दुकान पर काम करता तो मैं शुरू के दो हफ्ते सबसे अच्छा काम करता। लेकिन फिर बोर हो जाता और या तो खुद छोड़ देता या मुझे निकाल दिया जाता। खैर, मुझे इस बात की खुशी है कि आखिरकार मैंने वो चीज ढूंढ ली जो मुझे सच्चे दिल से पसंद है।
जीवन में जो लोग आपको रिजेक्ट करते हैं, वे आपके लिए किसी न किसी रूप में मददगार होते हैं। कुछ काम आपके लिए बने हैं और कुछ नहीं। जो नहीं मिला, उसके बाद कुछ और अच्छा जरूर आता है। मुझे याद है, एक बार मुझे लॉस एंजिलिस बुलाया गया था एक टीवी सीरीज के ऑडिशन के लिए। मुझे नहीं मालूम था कि ये इंडस्ट्री कितनी मुश्किल है। मैं ऑडिशन देने गया तो वहां एक निर्देशक बैठा था जो खुद को बहुत ‘कूल’ समझता था। मैंने ऑडिशन दिया और मुझे पता था कि मैं बहुत खराब था। फिर उसने पूछा, तुम कैलिफोर्निया में कितने दिन रहोगे? मैंने सोचा, शायद वो कहेगा कि दोबारा आकर किसी और के साथ सीन करो। मैंने कहा, दो-तीन दिन। तो उसने हंसते हुए कहा, अच्छा है। इस दौरान धूप सेंकना। मैं बाहर निकला और मुझे यह बात इतनी मजेदार लगी कि मेरी आंखों से आंसू निकल गए। मैंने सोचा, यही है हॉलीवुड। स्वागत है क्रूज।
मैंने सीखा कि मुझे क्या चाहिए और क्या नहीं। मैंने नया एजेंट लिया और तय किया कि मुझे अच्छे लोगों और अच्छे निर्देशकों के साथ काम करना है और सबसे जरूरी… खुद को बेहतर बनाना है। मैं फ्रांसिस फोर्ड कपोला के पास गया और कहा कि मुझे कोई भी रोल दें, मैं आपके साथ काम करना चाहता हूं। लोग बोले फ्रांसिस तुम्हें पैसे नहीं देगा! मुझे फर्क नहीं पड़ा। रोल मुख्य नहीं था लेकिन मैंने उसमें कुछ खास बनाया। वहीं मुझे कॉमेडी का अपना हुनर समझ में आया। अगर आप आज परेशान हैं, रास्ता नहीं मिल रहा, हर चीज अधूरी लग रही है तो याद रखें असली कामयाबी तब मिलती है जब आप अपने अंदर की आवाज को पहचानते हैं, उस पर भरोसा करते हैं और बिना रुके आगे बढ़ते हैं। मैं अब तक सीख रहा हूं…बढ़ रहा हूं। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है। हर बड़ा सपना छोटी शुरुआत और खूब मेहनत से ही पूरा होता है।
आपको केवल खुद पर भरोसा करना चाहिए जितना सीख सकते हैं, सीखें। समय कभी वापस नहीं आएगा। हमेशा पूरी तैयारी के साथ रहें, क्योंकि आखिरकार आपको सिर्फ अपने आप पर ही भरोसा करना है। मैं हर एक डिपार्टमेंट में जाता था- वॉर्डरोब, सिनेमैटोग्राफी… और सवाल पर सवाल पूछता था। लोग परेशान हो जाते थे, लेकिन मुझे हर चीज जाननी होती थी। जब भी आपको पहली बार काम करने का मौका मिले तो इस अवसर का पूरा फायदा उठाएं। (तमाम इंटरव्यूज में टॉम क्रूज)








