- Hindi News
- National
- IMD Weather Rainfall Update; Himachal Pradesh MP Rajasthan | Haryana Punjab Monsoon
नई दिल्ली/भोपाल/जयपुर/लखनऊ8 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

उत्तराखंड में तेज बारिश को देखते हुए चारधाम यात्रा को अस्थाई रूप से रोक दिया गया है। CM पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जब यात्रा मार्ग श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह से सुरक्षित होगा, तभी आगे यात्रा शुरू की जाएगी।
उत्तराखंड में केदारनाथ मार्ग पर बुधवार रात सोनप्रयाग के पास लैंडस्लाइड हुई और रास्ता बंद हो गया। इस दौरान 40 श्रद्धालु फंस गए। SDRF की टीम मौके पर पहुंची और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
मौसम विभाग ने आज राजस्थान-मध्य प्रदेश समेत 11 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में पिछले 4 दिन से बारिश का दौर जारी है। बुधवार को भारी बारिश के बाद अजमेर शरीफ दरगाह परिसर में 2 फीट पानी भर गया।
वहीं, भारी बारिश के दौरान दरगाह परिसर में बने बरामदे की छत का एक हिस्सा भी ढह गया। हालांकि, इस दौरान किसी को चोट नहीं आई। दरगाह कमेटी ने उस हिस्से में लोगो की आवाजाही बंद कर दी है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बादल फटने और बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। अब भी 29 लोग लापता हैं। गुरुवार को 2 और शव मिले। खराब मौसम के चलते राहत कार्य में दिक्कत आ सकती है, क्योंकि मौसम विभाग ने कई जिलों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है।
देशभर में मौसम की 6 तस्वीरें…

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बादल फटने और बाढ़ की वजह से कई लोग बेघर हो गए हैं।

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इससे नदी किनारे बने छोटे-छोटे मंदिर और मकान पानी में डूब गए।

उत्तराखंड के सोनप्रयाग में SDRF ने केदारनाथ मार्ग पर लैंडस्लाइड के बाद 40 लोगों का रेस्क्यू किया।

मध्य प्रदेश के भोपाल में तेज बारिश के चलते बढ़े तालाब का वाटर लेवल बढ़ गया है।

अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में छत का हिस्सा गिरने के बाद मलबा बिखर गया। बाद में इस हिस्से में लोगों की आवाजाही रोक दी गई।

गुजरात के बनासकांठा में कई इलाकों में पानी भरा है। कई घरों में तीन से चार फीट तक पानी भरा है। लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
देशभर में 2 जुलाई को हुई बारिश मैप में देखिए…

देशभर में बारिश से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे दिए ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
01:08 PM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
गोवा में भारी बारिश के आसार, स्कूलों में कल छुट्टी
मौसम विभाग ने शुक्रवार को गोवा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। सरकार ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गोवा के सभी स्कूलों में शुक्रवार को छुट्टी घोषित करने का निर्णय लिया है।
12:07 PM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
उत्तराखंड में एसडीआरएफ ने नदी में फंसे मजदूरों को बचाया
उत्तराखंड के डाकपत्थर में गुरुवार को एसडीआरएफ टीम को सूचना मिली कि बढ़वाला साधना केंद्र आश्रम के पास नदी में कुछ मजदूर फंसे हुए हैं।सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना हुई और फंसे हुए मजदूरों को बाहर निकाला।
12:03 PM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
पालघर में जान जोखिम में डालकर नदी पार करते स्कूली बच्चे
यह वीडियो मुंबई के पास पालघर जिले का है। वाडा तालुका के नकड़पाड़ा के छात्र नदी के बहते पानी को पार करके अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं क्योंकि उन्हें स्कूल जाने के लिए पांच किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है।
10:33 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
गुजरात के राजकोट में दोपहर से भारी बारिश
10:28 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
मनाली-केलांग रूट खुला, सिंगल लेन में गाड़ियां निकलनी शुरू
08:46 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
महाराष्ट्र के भंडारा में गोसीखुर्द डैम के 5 गेट खोले गए
महाराष्ट्र के भंडारा जिले में भारी बारिश के कारण गोसीखुर्द डैम के 5 गेट खोल दिए गए हैं।
08:44 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
महाराष्ट्र के नासिक जिलों के कई इलाकों में बारिश
महाराष्ट्र के नासिक जिले के कई इलाकों में आज बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
08:29 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
राजस्थान के भीलवाड़ा में पुल को पार करते समय व्यक्ति बह गया
राजस्थान के भीलवाड़ा में बनास नदी में पुल को पार करने के दौरान एक व्यक्ति बह गया। काछोला थाना क्षेत्र में ककरोलिया घाटी मार्ग पर चोहली के पास बनी पुलिया पर बुधवार को बारिश के बाद करीब 3 फीट ऊपर तक पानी बहने लगा। इस दौरान शंकर भील (55) पानी के तेज बहाव में फंस गया। करीब आधे घंटे से ज्यादा देर तक बबूल की टहनी पकड़ कर बैठा रहा। लेकिन इसके बाद वह बह गया।
08:12 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
छत्तीसगढ़ के कोरबा में बारिश से घरों में पानी भरा
छत्तीसगढ़ के कोरबा में दो दिन से तेज बारिश हो रही है। निगम क्षेत्र के चिमनीभट्ठा इलाके में कई घरों में बारिश का पानी घुस गया है। नालियों में भरा कचरा और सीवर की गंदगी लोगों के घरों में घुस रहा है। लगातार बारिश से नदी नाले उफान पर हैं। कोरबा में बारिश की 2 वीडियो…
08:10 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
देहरादून में बारिश, सड़कों पर पानी भरा
उत्तराखंड के देहरादून जिले में आज कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। बारिश के कारण मौसम ठंडा और सुहावना हो गया है, लेकिन कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखी गई है।
06:54 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
बागेश्वर धाम में टेंट गिरा, श्रद्धालु की मौत; भगदड़ में 8 घायल

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में गढ़ा गांव स्थित बागेश्वर धाम परिसर में टेंट गिर गया। लोहे का एंगल सिर में लगने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई जबकि भगदड़ में 8 लोग घायल हुए हैं।
हादसा गुरुवार सुबह करीब 7 बजे आरती के बाद हुआ। बारिश से बचने के लिए श्रद्धालु टेंट के नीचे इकट्ठा हुए थे, इस टैंट में पानी भर गया और गिर गया। पूरी खबर पढ़ें…
06:24 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
गुजरात के बनासकांठा में 8.6 इंच बारिश, कई घर डूबे
मौसम विभाग ने गुजरात में 7 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटे में राज्य के 162 तालुकों में बारिश हुई है। सबसे ज्यादा 8.6 इंच बारिश बनासकांठा के वडगाम में दर्ज की गई। पाटन और मेहसाणा जिलों में गुरुवार सुबह 7 बजे से 10 बजे तक 61 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। यहां भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। कलेक्टर ने आज प्राथमिक स्कूलों में छुट्टी कर दी है।
बनासकांठा में बारिश की 2 तस्वीरें…

भारी बारिश से बनासकांठा और पालनपुर के निचले इलाकों की बस्तियों में पानी भर गया। यहां बुधवार शाम से गुरुवार सुबह तक 8 इंच से ज्यादा बारिश हुई।

बनासकांठा में कई इलाकों में पानी भरा है। कई घरों में तीन से चार फीट तक पानी भरा है। लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
05:40 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
गंगोत्री हाईवे पर भू-धंसाव, यमुनोत्री हाईवे पिछले 4 दिनों से बंद
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में लगातार बारिश के कारण गंगोत्री हाईवे पर भटवाड़ी के पास भू-धंसाव हो गया है। सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीमें मौके पर पहुंचकर रास्ता साफ करने में जुटी हैं। वहीं दूसरी ओर, यमुनोत्री हाईवे पर सिलाई बैंड, ओजरी और बनास (हनुमान चट्टी) के पास भूस्खलन और सड़क कटाव के कारण मार्ग पिछले 4 दिनों से बंद है।
उत्तरकाशी पुलिस ने सोशल मीडिया पर बताया कि इन सभी स्थानों पर रास्ते खोलने के प्रयास लगातार जारी हैं। बारिश के कारण फंसे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को SDRF, NDRF, पुलिस और वन विभाग की टीमें अस्थायी रास्तों और पैदल मार्गों के जरिए सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा रही हैं।
05:26 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में 11 बड़े डैम ओवरफ्लो
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में लगातार 24 घंटे तक भारी बारिश के बाद अब बारिश में थोड़ी कमी आई है, लेकिन हालात अभी भी सामान्य नहीं हैं। जिले के 11 बड़े बांध (डैम) ओवरफ्लो हो रहे हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
05:12 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में छोटे मंदिर और मकान डूबे
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में लगातार बारिश के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इससे नदी किनारे बने छोटे-छोटे मंदिर और मकान पानी में डूब गए।
04:34 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
UP के 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; वाराणसी में 20 फीट हाईवे अचानक धंसा

UP के 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 30 जिलों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है।
वाराणसी में गुरुवार सुबह गिलट बाजार पुलिस चौकी के सामने 20 फीट हाईवे धंस गया। दो दिन पहले इसी जगह रोडवेज बस भी धंसी थी। यह लखनऊ-वाराणसी हाईवे है। पूरी खबर पढ़ें…
राज्य में मौसम की 3 तस्वीरें…

प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। गंगा डेंजर लेवल से 8 मीटर नीचे से बह रही है।

वाराणसी में तेज बारिश के चलते गंगा किनारे मौजूद मंदिरों तक पानी पहुंच गया है और कई मूर्तियां डूब गई हैं।

फतेहपुर में रिंद नदी का जलस्तर बढ़ चुका है। बच्चों को स्कूल जाने मे परेशानी न हो, इसलिए महिलाएं पुल बना रहीं है।
04:13 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ा
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है।
04:00 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
छत्तीसगढ़ के 33 जिलों में बारिश का अलर्ट; रायगढ़ में तेज बारिश, घरों में घुसा पानी

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में आज सुबह से तेज बारिश हो रही है। बारिश से कई सड़कों पर पानी भर गया है तो निचले इलाकों के कुछ घरों में पानी घुस गया है। वहीं, आज राज्य के 31 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बस्तर में लगातार बारिश से कोरापुट-किरंदुल रेल लाइन पर लैंड स्लाइड हुई है। ट्रैक किनारे स्थित मिट्टी और चट्टान कटकर ट्रैक पर गिर गई, जिससे मार्ग बाधित हो गया है। किरंदुल-विशाखापट्टनम और हीराखंड ये दो ट्रेनें कैंसिल हो गई हैं। पूरी खबर पढ़ें…
राज्य में बारिश की 2 तस्वीरें…

रायगढ़ में सुबह से बारिश के बाद निचले इलाकों के घरों में पानी घुस गया

कोरबा में लगातार बारिश से एक घर का बरामदा और बाथरूम ढह गया।
03:45 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
हिमाचल के सोलंग नाले में बाढ़, मनाली-लेह NH बंद

हिमाचल प्रदेश के मनाली के सोलंग नाला में स्नो-गैलरी के पास बीती रात 12 बजे बाढ़ आ गई। इससे मनाली को केलांग से जोड़ने वाला हाईवे वाहनों के लिए पूरी तरह बंद हो गया है। BRO की टीम सड़क की बहाली में जुटी हुई है।
इस बीच मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, शिमला, सोलन व सिरमौर जिला में अगले 24 घंटे तक बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 2 दिन बाद फिर से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें… राज्य में मौसम की 4 तस्वीरें…

सराज विधानसभा क्षेत्र का सुरह गांव पर पहाड़ी से लैंडस्लाइड की वजह से एक प्राइमरी स्कूल और पांच से छह घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

मंडी के थुनाग बाजार में बादल फटने के बाद आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त भवन।

मंडी के जंजैहली में बादल फटने से टूटा घर और सामने पहाड़ी पर किसानों के पॉलीहाउस क्षतिग्रस्त हो गए।

थुनाग में भारी बारिश के बाद बाढ़ से कई घरों को नुकसान पहुंचा है।
02:12 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
केदारनाथ मार्ग पर लैंडस्लाइड, SDRF ने 40 लोगों को रेस्क्यू किया
केदारनाथ धाम से लौटते समय सोनप्रयाग के पास भूस्खलन में फंसे करीब 40 श्रद्धालुओं को SDRF ने सुरक्षित बचा लिया।
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 10 बजे अचानक मलबा गिर गया, जिससे रास्ता बंद हो गया और श्रद्धालु वहीं फंस गए। इसके बाद राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
01:31 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
हरियाणा के 19 जिलों में आज बारिश का अलर्ट; 3 में तेज बारिश, 14 में बूंदाबांदी के आसार

हरियाणा में आज 19 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 3 जिलों में तेज बारिश और 14 जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, 2025 में अब तक राज्य में 85.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। जो सामान्य 60.7 एमएम से 35% ज्यादा है। पूरी खबर पढ़ें…
01:27 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
राजस्थान में आज 31 जिलों में बारिश का अलर्ट; अजमेर में दीवार गिरने से युवक की मौत

राजस्थान के हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर को छोड़कर सभी जिलों में आज (गुरुवार) भी बारिश का येलो अलर्ट है। अजमेर और भीलवाड़ा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बुधवार को अजमेर में बारिश के दौरान तीन जगह दीवार गिर गई। दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। अजमेर के कचहरी रोड पर पानी में वाहन फंस गए। कई गाड़ियां बह गईं। पूरी खबर पढ़ें…
राजस्थान में मौसम की 5 तस्वीरें….

टोंक में श्मशान जाने वाले रास्ते पर पानी भर गया। बुधवार को लोग करीब एक फीट पानी के बीच से अर्थी लेकर निकले।

अजमेर में कचहरी रोड पर बारिश से पानी-पानी हो गया। पानी के तेज बहाव के साथ बहती स्कूटी।

चित्तौड़गढ़ के बस्सी में स्थित नीलिया महादेव मंदिर के पास झरना बह रहा है। बुधवार को तेज धार के कारण पानी का पूरा बहाव मंदिर परिसर में आ गया।

कोटा जिले के मोड़क कस्बे में बारिश के कारण चौसला रोड और ईदगाह के पास 50-60 घरों में पानी भर गया।

अजमेर के फव्वारा सर्किल पर भागचंद की कोठी होटल वाले रास्ते की दीवार गिर गई।
01:18 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
मध्य प्रदेश के जबलपुर समेत 17 जिलों में भारी बारिश; भोपाल-इंदौर में भी अलर्ट

मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्से- जबलपुर, सागर, रीवा और शहडोल संभाग के 17 जिलों में गुरुवार को भारी बारिश का रेड अलर्ट है। ग्वालियर-चंबल संभाग के 4 जिले भी भीगेंगे। स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होने से ऐसा होगा। भोपाल, इंदौर-उज्जैन समेत अन्य जिलों में भी बारिश का यलो अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें…
राज्य में मौसम की 4 तस्वीर

राजगढ़ के खिलचीपुर में तेज बारिश के चलते गाडगंगा नदी पुल के ऊपर से बह रही है।

भोपाल में बुधवार को तेज बारिश होने की वजह से सड़कों पर पानी भर गया।

भोपाल में पिछले 2 दिन से तेज बारिश होने की वजह बड़े तालाब में पानी का लेवल बढ़ गया।

शिवपुरी के भदैया कुंड का झरना फिर बहने लगा है।
01:11 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
पंजाब में आज बारिश का अलर्ट नहीं; जुलाई में सामान्य से ज्यादा बारिश होगा

पंजाब में मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, जुलाई में प्रदेश में सामान्य से ज्यादा बारिश रहेगी।
मौसम विभाग की तरफ से आज पंजाब के लिए किसी भी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया। वहीं, बीते दिन भी मात्र होशियारपुर में 8.5 मिमी बारिश देखने को मिली, जबकि अन्य जिलों में मौसम सामान रहा। पूरी खबर देखें…
01:02 AM3 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
पूरे बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट; पटना में दिनभर छाए रहेंगे बादल

मानसून ने बिहार को पूरी तरह से कवर कर लिया है। आज राज्य के सभी 38 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 5 दिनों तक पूरे बिहार में मौसम का मिजाज बदला रहेगा।
वहीं, राजधानी पटना में भी दिन भर बादल छाए रहेंगे और तेज बारिश की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें…

रोहतास के नौहट्टा में महादेव खोह वाटर फॉल में अचानक पानी बढ़ गया, जो सीधे शिव मंदिर के ऊपर गिरता दिखा।
07:39 PM2 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
केंद्रीय जल आयोग बोला- देश में 11 रिवर साइट फ्लड वॉर्निंग लेवल के पार
केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) ने कहा कि भारत भर में 11 नदी निगरानी स्टेशनों पर नदियों का लेवल चेतावनी के निशान को पार कर गया है, लेकिन कोई भी खतरे या बहुत ज्यादा बाढ़ की सीमा तक नहीं पहुंचा है।
आयोग के मुताबिक असम के करीमगंज में कुशियारा नदी, जोरहाट में नेमाटीघाट में ब्रह्मपुत्र चिंता के स्तर के करीब हैं। बिहार के बालतारा में कोसी, बेनीबाद में बागमती और डुमरियाघाट में गंडक में जल स्तर बढ़ा हुआ है। उत्तर प्रदेश चार स्थलों पर कड़ी निगरानी रख रहा है, जिनमें फतेहगढ़ और कछला ब्रिज पर गंगा, एल्गिनब्रिज पर घाघरा और खड्डा पर गंडक शामिल हैं, जो 95 मीटर पर चेतावनी स्तर को छू गया है।
ओडिशा ने बालेश्वर जिले में सुवर्णरेखा पर मथानी रोड ब्रिज और राजघाट में सामान्य से ज्यादा लेवल पर है। तमिलनाडु में कावेरी नदी पर मुसिरी में जल स्तर भी चेतावनी स्तर को पार कर गया।
07:29 PM2 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
हिमाचल में बाढ़ से बचने छत पर चढ़े 2 परिवार; 1 की मौत, 8 लापता
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से बचने के लिए घर की छत पर शरण लेने वाले दो परिवारों के 9 सदस्य बह गए। इन परिवारों के रिश्तेदारों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
घटना सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात को गोहर क्षेत्र के सैंज पंचायत के पंगलूर गांव में हुई। रिश्तेदारों ने बताया कि एक शव मिल गया है, जबकि दो बच्चों समेत 8 लोग अभी भी लापता हैं।
पंगलूर गांव की घटना में, एक महिला का शव मिला, जिसकी पहचान देवकू देवी (70) के रूप में हुई, जबकि उसके पति पदम देव (75) समेत बाकी सदस्य लापता हैं।
07:06 PM2 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
ओडिशा के बालासोर में बाढ़ से 2 की मौत, 60 से ज्यादा गांव प्रभावित
ओडिशा के बालासोर जिले में आई बाढ़ से दो लोगों की मौत हो गई। बुधवार को अधिकारियों ने बताया कि सुवर्णरेखा समेत कई नदियों में जलस्तर घट गया है। जिससे बाढ़ प्रभावित गांवों की संख्या घटकर 60 रह गई है। हालांकि मौसम का कहना है कि दक्षिणी झारखंड और आसपास के इलाकों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण राज्य में 7 जुलाई तक भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है।
06:23 PM2 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
मंडी में बादल फटने से मरने वालों की संख्या 11 हुई

मंडी के सेराज में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ के कारण यह घर तहस-नहस हो गया।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से संबंधित घटनाओं में मरने वालों की संख्या छह और शवों की बरामदगी के साथ 11 हो गई है, जबकि 34 लापता लोगों की तलाश जारी है।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक सबसे ज्यादा नुकसान मंडी में हुआ, जहां बुधवार शाम तक 151 सड़कें बंद थीं। 489 ट्रांसफार्मर और 465 जल योजनाएं प्रभावित रहीं। इसके अलावा 148 घर, 104 मवेशी शेड, 31 वाहन, 14 पुल और कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं।
04:16 PM2 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
देश के 11 राज्यों में आज बारिश का ऑरेंज अलर्ट

04:13 PM2 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
3 जुलाई को कैसा रहेगा देश में मौसम
पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्यप्रदेश, गुजरात रीजन, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण गोवा, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। जबकि उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू कश्मीर, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड, ओडिशा, सौराष्ट्र, कच्छ, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, असम, मेघालय, तमिलनाडु पुडुचेरी में यलो अलर्ट है।
04:12 PM2 जुलाई 2025
- कॉपी लिंक
देश के प्रमुख शहरों में बारिश का डेटा









