एन. रघुरामन का कॉलम:  क्यों आज की रात हम अर्जेंटीना और स्पेन- दोनों के लिए खुश होंगे
टिपण्णी

एन. रघुरामन का कॉलम: क्यों आज की रात हम अर्जेंटीना और स्पेन- दोनों के लिए खुश होंगे

Spread the love




2026 में आईपीएल के 19वें संस्करण के समापन तक मेरी सर्वकालिक पसंदीदा टीमें चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस रही हैं। दोनों अब तक 41 बार एक-दूसरे का सामना कर चुकी हैं, जिनमें मुंबई ने 21 और चेन्नई ने 20 मुकाबले जीते हैं। हालांकि दोनों फ्रेंचाइजी पांच-पांच बार आईपीएल का खिताब जीत चुकी हैं- जिससे यह लीग की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विता बनती है- लेकिन दोनों के बीच खेले गए चार फाइनल तो और भी रोचक रहे हैं। इनमें मुंबई 3-1 से आगे है। कई अखबारों में क्रिकेट को कवर करने वाला खेलप्रेमी होने के बावजूद इन दोनों में से किसी भी टीम की जीत से मुझे हमेशा खुशी ही मिली है। कई लोगों ने मुझसे पूछा है कि दो टीमें एक साथ मेरी पसंदीदा कैसे हो सकती हैं। मेरा उत्तर हमेशा सरल रहा है- मानव सभ्यता की कहानी मूलतः माइग्रेशन की कहानी है। बेहतर अवसरों, सुरक्षा, भोजन और समृद्धि की तलाश में लोग लगातार एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र और एक महाद्वीप से दूसरे महाद्वीप तक जाते रहे हैं। जलवायु-परिवर्तन, संघर्षों और संसाधनों की जरूरत ने दुनिया की जनसांख्यिकी, भाषाओं और संस्कृतियों को आकार दिया है। यही कारण है कि मुझे सीएसके और एमआई- दोनों प्रिय हैं। एक मेरी जन्मभूमि का प्रतिनिधित्व करती है और दूसरी मेरी कर्मभूमि का। मुंबई से किसी विमान में सवार होते समय मैं ऐसी धाराप्रवाह मराठी बोलता हूं कि किसी को अंदाजा नहीं होता कि मैं तमिल हूं। लेकिन जैसे ही मैं चेन्नई हवाई अड्डे से बाहर निकलता हूं, सहजता से तमिल बोलने लगता हूं और उसे वास्तव में केवल वही ठीक तरह से सराह सकता है, जिसने किसी तमिल माध्यम के स्कूल में पढ़ाई की हो। हममें से अधिकांश लोग शिक्षा, करियर या अपने सपनों की तलाश में कहीं न कहीं माइग्रेट कर चुके हैं। हम एक से अधिक भाषाएं बोलते हैं और भावनात्मक रूप से एक से अधिक स्थानों से जुड़े होते हैं। हममें से कई लोगों के भीतर बहुत गहरे में दो पसंदीदा टीमें होती हैं। यदि यही तर्क आज रात अर्जेंटीना और स्पेन के बीच होने वाले विश्वकप फाइनल पर लागू करें, तो यह समझना आसान हो जाता है कि आज दुनिया भर में लाखों लोग किसी टीम की हार-जीत की फिक्र किए बिना एक शानदार मैच का जश्न मनाएंगे। हालांकि स्टेडियम के भीतर एक असामान्य दृश्य देखने को मिलेगा- स्पैनिश बोलने वाले स्पैनिश बोलने वालों के ही पक्ष या विरोध में चीयर करते नजर आएंगे। यह फाइनल दुनिया के तीसरे सबसे अधिक आबादी वाले देश अमेरिका में खेला जा रहा है, जहां लगभग 34.7 करोड़ लोग रहते हैं। आबादी के लिहाज से स्पेन लगभग 4.9 करोड़ लोगों के साथ दुनिया में 31वें स्थान पर है, जबकि अर्जेंटीना लगभग 4.7 करोड़ की आबादी के साथ 35वें स्थान पर है। अमेरिका में स्पैनिश मूल के 25 से 30 लाख लोग रहते हैं और वहां अर्जेंटीनी मूल की आबादी, अर्जेंटीना में जन्मे लोगों की संख्या से कहीं अधिक है। इससे भी अधिक महत्वपूर्ण यह है कि स्पेन और अर्जेंटीना- दोनों देशों की भाषा स्पैनिश है। दिलचस्प बात यह है कि अंग्रेजी के बाद स्पैनिश अमेरिका में दूसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है, जिससे वह दुनिया के सबसे बड़े स्पैनिश-भाषी देशों में शामिल हो जाता है। इस भाषा का व्यापक उपयोग शिक्षा, व्यापार, मीडिया, स्वास्थ्य और सरकारी सेवाओं में होता है। स्पेन की कैस्टिलियन स्पैनिश और अर्जेंटीना की रियोप्लातेंसे स्पैनिश के बीच का अंतर कुछ वैसा ही है, जैसा ब्रिटिश अंग्रेजी और अमेरिकी अंग्रेजी के बीच है। इससे जुड़ा एक और रोचक संबंध है। 1870 से 1914 के बीच अर्जेंटीना ने यूरोप से लगभग 60 लाख प्रवासियों का स्वागत किया, जिनमें बेहतर अवसरों की तलाश में आए बड़ी संख्या में स्पेनवासी भी शामिल थे। यही इतिहास बताता है कि अनेक अर्जेंटीनी लोगों की जड़ें स्पेन से जुड़ी हैं। फुटबॉल प्रेमी अकसर मजाक में कहते हैं कि यदि आपका संबंध दो या उससे अधिक देशों से है, तो विश्व कप जीतने की आपकी सम्भावना भी बढ़ जाती है। कल्पना कीजिए कि आज रात स्टेडियम का माहौल कैसा होगा। वह रोमांच से भरपूर होगा। आप किसी एक टीम का समर्थन कर सकते हैं, लेकिन यदि दूसरी टीम जीत भी जाती है, तो निराश होने का कोई बड़ा कारण नहीं होगा, क्योंकि अंततः जीत फुटबॉल की ही होगी। टीवी पर यह मुकाबला देखने वाले अधिकांश भारतीय प्रशंसक भी इसी श्रेणी में आते हैं। आज हम विजेता की राष्ट्रीयता से अधिक मुकाबले की गुणवत्ता की सराहना करेंगे। फंडा यह है कि आज रात जीत फुटबॉल की ही होगी, क्योंकि ट्रॉफी चाहे कोई भी टीम उठाए, उसे चूमने वाले होंठ स्पैनिश बोलने वाले ही होंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *