![]()
यह बहुत परेशान करने वाला लग सकता है, खासकर तब जब आपके बॉस हर समय आप पर नजर रखते हों और छोटी गलतियों पर भी बार-बार टोकते हों। ऐसी स्थिति में काम करने का आत्मविश्वास प्रभावित होता है और आप बेवजह दबाव महसूस करते हैं। लेकिन यह स्थिति स्थायी नहीं होती। आप धीरे-धीरे कुछ प्रभावी तरीके अपनाकर अपने काम में भरोसा और पारदर्शिता बढ़ा सकते हैं, जिससे आपके बॉस आप पर अधिक विश्वास करने लगें और उनकी लगातार निगरानी भी कम हो जाए। 1) अपने बॉस की स्थिति को भी समझें
आप चाहे जो सोचें, आपके बॉस के माइक्रो मैनेज करने की वजह आपसे जुड़ी ही हो, ऐसा जरूरी नहीं है। यह उनके मैनेजर के रूप में भूमिका की समझ की कमी, उनके अपने बॉस का माइक्रो मैनेजिंग स्वभाव या उनकी व्यक्तिगत असुरक्षा भी हो सकती है। समझने की कोशिश करें कि उनकी चिंता कहां दिखती है। जैसे, अगर आपको लगता है कि वे अपने बॉस से दबाव में हैं, तो आप उनकी मदद के लिए रिपोर्ट तैयार कर सकते हैं ताकि वे मीटिंग्स में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। 2) इसे सीखने का अवसर मानें, फायदे देखें
इसे अपने अहंकार पर चोट मानने के बजाय सोचें कि इससे आपको क्या फायदा हो सकता है। हो सकता है आपके बॉस आपके हित में ही ऐसा कर रहे हों। शायद वे चाहते हों कि आप कंपनी के नियमों और काम करने के सही तरीकों को अच्छी तरह से समझें। कारण चाहे जो भी हो, इसे आप सीखने का मौका मानें। जितनी जल्दी और जितना ज्यादा सीख सकते हैं, सीख लें। क्योंकि अगर वे अपना रवैया नहीं बदलते हैं, तो हो सकता है कि आप आगे चलकर यह नौकरी छोड़ने का फैसला करें। 3) थोड़ा रुककर सोचें, अपना मूल्यांकन करें
अगर बॉस आपकी क्षमता पर भरोसा नहीं कर रहे हैं, तो थोड़ा रुककर सोचें कि कहीं अनजाने में आपने उन्हें ऐसा महसूस करने का कारण तो नहीं दिया। खुद को ईमानदारी से परखें कि क्या काम समय पर पूरा हो रहा है, क्या गलतियां बार-बार दोहराई जा रही हैं या क्या कम्युनिकेशन में कहीं कमी रह जाती है? अपने आसपास भी ध्यान दें। अगर वे बाकी सहकर्मियों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं कर रहे, तो यह संकेत हो सकता है कि कहीं आपके प्रदर्शन या काम करने के तरीके में सुधार की जरूरत है। 4) बेहतर काम के लिए भविष्य पर ध्यान दें
अपने भविष्य पर ध्यान देने से आप और आपके बॉस वर्तमान में बेहतर तरीके से काम कर सकते हैं। वन-टु-वन मीटिंग तय करें और बताएं कि आप अपने विकास और ऑफिस में योगदान के बारे में नियमित और स्पष्ट संवाद करना चाहते हैं। उन प्रोजेक्ट्स के उदाहरण दें जिन पर आप काम करना चाहते हैं। उनसे पूछें कि क्या वे मदद करेंगे, जिससे आप अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए कुछ जरूरी कौशल विकसित कर सकें।
Source link







