![]()
एक ओपन ऑफिस में काम करना कई बार बेहद चुनौतीपूर्ण भी हो सकता है, खासकर तब जब आपको किसी ऐसे काम पर ध्यान केंद्रित करना हो जिसमें पूरी एकाग्रता की जरूरत होती है। लगातार बातचीत, फोन कॉल्स और आसपास का शोरगुल आपकी उत्पादकता को प्रभावित कर सकता है। ऐसे माहौल में फोकस बनाए रखने के लिए ये तरीके मददगार हो सकते हैं… 1. सकारात्मक पहलुओं को अपनाएं
हर व्यक्ति को कभी न कभी शांति और अकेलेपन की जरूरत महसूस होती है, लेकिन ओपन ऑफिस का एक फायदा यह भी है कि इससे सहकर्मियों के साथ बेहतर जुड़ाव बनता है। साथ काम करने से टीम बॉन्डिंग मजबूत होती है और माहौल में हल्कापन बना रहता है। इसलिए केवल शोर पर ध्यान देने के बजाय उस हंसी-मजाक और सहयोग को भी महत्व दें, जो ऑफिस के माहौल को जीवंत बनाता है। 2. टीम की अपेक्षाओं को स्पष्ट करें
अपनी टीम के साथ इस बारे में खुलकर बात करें कि एक ओपन ऑफिस में सभी लोग बेहतर तरीके से कैसे काम कर सकते हैं। मिलकर कुछ सामान्य नियमो तय करें, जैसे कब धीमी आवाज में बात करनी है या कब किसी को डिस्टर्ब नहीं करना है। जब पूरी टीम एक-दूसरे की जरूरतों को समझने लगती है, तो काम का माहौल कहीं अधिक संतुलित और ज्यादा उत्पादक भी बन जाता है। 3. हेडफोन्स में निवेश कर सकते हैं
नॉइज़-कैंसलिंग हेडफोन्स ऐसे माहौल में बेहद उपयोगी साबित हो सकते हैं। खासकर तब जब आपको किसी महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट या गहन सोच वाले काम पर ध्यान देना हो। तब ये बाहरी शोर को कम करने में मदद करते हैं। साथ ही, हेडफोन्स आपके सहकर्मियों के लिए एक संकेत भी बन जाते हैं कि आप फिलहाल किसी जरूरी काम में व्यस्त हैं और केवल आवश्यक होने पर ही आपको बाधित किया जाए। 4. ऑफिस में अपनी जगह बदल लें
अधिकांश ओपन ऑफिस में कुछ ऐसे कोने या स्पेस होते हैं जहां अपेक्षाकृत शांति मिल सकती है। इसलिए जरूरत पड़ने पर खाली कॉन्फ्रेंस रूम, सेमी-प्राइवेट क्यूबिकल या शांत कोनों का इस्तेमाल किया जा सकता है। जगह बदलने से न केवल ध्यान बेहतर होता है, बल्कि आपको काम में नई ऊर्जा भी महसूस हो सकती है। कई बार सिर्फ माहौल बदलने से उत्पादकता में भी सकारात्मक फर्क दिखाई देता है। 5. कुछ समय ऑफिस से बाहर काम करें
ऑफिस का माहौल लगातार ध्यान भंग कर रहा हो, तो अपने मैनेजर से अनुमति लेकर कभी-कभी दूसरी जगह से काम करने का विकल्प चुन सकते हैं। पास की लाइब्रेरी, शांत कैफे या कोई को-वर्किंग स्पेस आपको बेहतर फोकस और मानसिक शांति दे सकती है। वातावरण में छोटा-सा बदलाव भी उत्पादकता बढ़ाता है। ऐसे स्थान अक्सर आपको बिना व्यवधान के सोचने और महत्वपूर्ण कार्यों पर गहराई से ध्यान देने का अवसर देते हैं। इससे मानसिक थकान भी कम होती है।
Source link








