3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

लगभग हर व्यवसाय ही अब आइडियाज पर आधारित व्यवसाय बन गया है। नेताओं और उद्यमियों को ऐसे नए दृष्टिकोणों की जरूरत महसूस होती रहती है, जो उन्हें ग्राहकों को प्रभावित करने, उत्पादों की नई कल्पना करने और भीड़ से अलग दिखाने में पूरी मदद कर सकें। लेकिन अगर आप इस बात को नहीं समझते और लगातार बैठकों, संदेशों और ईमेल्स में उलझे रहते हैं, तो आपका नई चीजों को देख पाना कठिन हो सकता है। ध्यान देने की कला सीखें और इसमें बेहतर बनने के यह चार अनोखे तरीके आजमाएं…
1) एक ‘बिजनेस फील्ड ट्रिप’ आयोजित करें हेज फंड मैनेजर टॉम ब्राउन हर साल अपनी कंपनी के हर कर्मचारी को पांच सौ डॉलर के नोट दिया करते हैं और उन्हें टीमों में बांटकर ब्रांच हंट पर भेजते हैं। हर टीम न्यूयॉर्क सिटी की किसी तय सड़क पर चलती है। हर बैंक में जाती है और वहां एक चेकिंग अकाउंट खोलती है। इस दौरान वे लोग बेहतरीन सेवा के प्रेरणादायक उदाहरण या लापरवाही और जटिल प्रक्रिया वाले अनुभव भी खोजते हैं। फिर सभी टीमें वापस आकर अपने अनुभवों पर एक विचारपूर्ण व जोशपूर्ण चर्चा सत्र भी करती हैं।
2) नौकरियां बदलना फायदेमंद हो सकता है बिल्ड-ए-बेयर वर्कशॉप की संस्थापक मैक्सीन क्लार्क और कंटेनर स्टोर के सह-संस्थापक किप टिंडेल ने एक-दूसरे की कंपनी में अग्रिम पंक्ति के कर्मचारी के रूप में काम किया है। उन्होंने ऐसी कई कार्यशैली पहले से देखी हैं, जो एक कंपनी में तो कारगर थी और संभव था कि दूसरी में भी काम करे। इसके लिए जरूरी है नौकरियां बदलना। एक नई नौकरी में सब कुछ नया होता है। लोग, सिस्टम, नियम, चुनौतियां। दिमाग अधिक सतर्क हो जाता है। आप हर चीज को ध्यान से देखते हैं। यह सतर्कता ध्यान को तेज करती है।
3) नौकरी नहीं बदल सकते तो ‘हैट’ बदलें विज्ञापन एजेंसी टीबीडब्ल्यूए एक ऐसा अभ्यास करती है जिसे वह ‘सीईओ हैट एक्सरसाइज’ कहती है। इस एक्सरसाइज के तहत सभी अधिकारियों को विभिन्न कंपनियों के लोगो वाली हैट्स और कैप्स, टी-शर्ट्स या ऐसी ही अन्य कुछ चीजें दी जाती हैं और फिर उन्हें उन्हीं कंपनियों के दृष्टिकोण से अपनी समस्या का विश्लेषण भी करना होता है। अगर नौकरी बदलना संभव नहीं, तो आप इस प्रभावी मानसिक अभ्यास तकनीक से ध्यान देने की कला, फोकस और अवेयरनेस को तेज बना सकते हैं।
4) रिवर्स मेंटरिंग से सुनने का तरीका भी बदलें रिवर्स मेंटरिंग भी एक उपयोगी अभ्यास हो सकता है। कंसल्टिंग कंपनी पीडब्ल्यूसी (प्राइसवाटरहाउसकूपर्स) में 120 से ज्यादा मिलेनियल कर्मचारी लगभग 200 वरिष्ठ पार्टनर और निदेशकों को औपचारिक रूप से मेंटर करते हैं। इससे सीनियर लीडर्स को तकनीक, संस्कृति और कामकाजी रुझानों पर वह दृष्टिकोण मिलता है, जो वे खुद से नहीं देख पाते। रिवर्स मेंटरिंग का सबसे बड़ा असर आपके सुनने के तरीके पर पड़ता है।








