![]()
बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर हरिद्वार में विश्व प्रसिद्ध हरकी पैड़ी पर देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगा रहे हैं। सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है और यह सिलसिला देर रात तक जारी रहने की संभावना है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, बुद्ध पूर्णिमा के दिन पवित्र गंगा में स्नान करने से मोक्ष और पुण्य की प्राप्ति होती है। कहा जाता है कि इस दिन भगवान विष्णु का विशेष सानिध्य गंगाजल में होता है, जिससे स्नान का महत्व और बढ़ जाता है। श्रद्धालु स्नान के बाद दान, तर्पण और पूजा-अर्चना कर अपने जीवन को धन्य मान रहे हैं। हरकी पैड़ी की PHOTOS… भगवान विष्णु के नौवें अवतार भगवान बुद्ध का हुआ था जन्म मान्यता है कि आज ही के दिन भगवान विष्णु के नौवें अवतार भगवान बुद्ध का जन्म हुआ था। इसी दिन उन्हें ज्ञान प्राप्त हुआ और इसी दिन उनका महापरिनिर्वाण भी हुआ। पौराणिक कथाओं के अनुसार, आज ही के दिन भगवान कृष्ण ने सुदामा को विनायक उपवास रखने का महत्व बताया था। बुद्ध पूर्णिमा पर गंगा स्नान और पूजन से असीम पुण्य का लाभ मिलता है। स्थानीय विद्वान पंडित मनोज त्रिपाठी के अनुसार, वैशाख मास भगवान श्रीहरि को समर्पित होता है और इसका समापन बुद्ध पूर्णिमा पर होता है। इस दिन स्नान के साथ-साथ पितृ तर्पण और दान का विशेष महत्व है। श्रद्धालुओं को स्नान के बाद ब्राह्मणों को मौसमी फल, अन्न, वस्त्र और धार्मिक ग्रंथों का दान करना चाहिए, जिससे उन्हें कई गुना फल की प्राप्ति होती है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को 8 जोन और 21 सेक्टर में विभाजित कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन कैमरे और कंट्रोल रूम के माध्यम से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान और डाइवर्जन लागू किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।
Source link








