- Hindi News
- National
- Heatwave Alert: Uttarakhand, Himachal Face Rain & Hail; Rajasthan Hottest
नई दिल्ली/भोपाल/जयपुर/लखनऊ48 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
देश में तेज गर्मी कम होने का नाम नहीं ले रही है। महाराष्ट्र के नागपुर में पिछले तीन दिन में 16 लोगों की शव रेलवे स्टेशन, सड़क, फ्लाईओवर के नीचे समेत अन्य सार्वजनिक जगहों पर मिले। प्रशासन को आशंका है कि हीटवेव के कारण इन लोगों की मौत हुई। नागपुर में बुधवार को भी अधिकतम तापमान 46°C रहा।
बुधवार को राजस्थान का श्रीगंगानगर देश में सबसे गर्म शहर रहा, यहां तापमान 48°C को पार करके 48.2°C तक पहुंचा। जो सामान्य से 5.5°C ज्यादा रहा। राजस्थान के कई शहरों में तापमान 46°C से 47°C बीच रहा, इनमें पिलानी 47°C, बीकानेर में 46.6°C, चूरू-जैसलमेर में 46.4° शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश में बांदा भी पिछले 10 दिन से गर्म शहरों की लिस्ट मे बना हुआ है। बुधवार को भी यहां का तापमान 47.8°C रहा। प्रयागराज 46.4°C, झांसी 46°C, उरई 45.6°C, कानपुर 45.2°C भी गर्म शहरों की लिस्ट में हैं।दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी तापमान 45°C से 46°C के बीच रहा।
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो आज उत्तराखंड में बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट है।

29 मई से 5 जून तक प्री-मानसून बारिश की संभावना
तेज गर्मी से जूझ रहे देश के 80-90% हिस्से में 29 मई से 5 जून तक प्री-मानसून बारिश हो सकती है। यह बारिश इसलिए अहम है, क्योंकि मानसून अभी केरल नहीं पहुंचा है। यहां 14 तय स्टेशनों में लगातार दो दिन 2.5 mm बारिश होने पर मानसून पहुंचने का ऐलान किया जाता है।
मौसम विभाग ने 26 मई को मानसून पहुंचने का अनुमान लगाया था, लेकिन यहां नमी कमजोर होने से मानसून आगे नहीं बढ़ पाया है। वहीं, दक्षिण-मध्य अरब सागर में चक्रवाती सर्कुलेशन से भी बादल कमजोर हुए हैं।
यूरोप की मौसम एजेंसी यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट्स ने सैटेलाइट, समुद्री और वायुमंडलीय डेटा को मिलाकर भारत में 15 दिनों की बारिश का पूर्वानुमान निकाला है। इसमें अगले 8 दिनों में दक्षिण भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर और बंगाल की खाड़ी के इलाकों में ज्यादा बारिश के संकेत हैं।

राज्यों से मौसम का तस्वीरें…

दिल्ली के कई इलाकों में गर्मी में पानी की किल्लत है। यहां टैंकरों से पानी सप्लाई जारी है।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक शख्स तेज धूप से बचने के लिए स्कूटी पर कवर लगाकर निकला।

राजस्थान के जयपुर में बुधवार को तापमान 44°C रहा। यहां स्मॉग गन से स्प्रे किया गया।

उत्तर प्रदेश के कानपुर में 44°C तापमान के बीच मुंह ढंककर सड़क से गुजरता एक परिवार।

राजस्थान के बीकानेर में बुधवार को अधिकतम तापमान 47°C रहा।

जम्मू में तेज गर्मी का असर जारी है। यहां पर एक इलाके में नहर में नहाते लोग।

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 46°C रहा। यहां तालाब में जानवरों को नहलाता हुआ।
29 मई:
- राजस्थान के कुछ हिस्सों में हीटवेव का असर जारी रह सकता है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी और मध्य भारत के कई इलाकों में गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।
- गुजरात और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है।
- हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़-दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में आंधी और कुछ जगह ओले गिरने का अलर्ट है। कई इलाकों में तापमान 3°C से 7°C तक गिर सकता है।
- बिहार, पश्चिम बंगाल, यूपी, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में 50-70 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ जगह हल्की बारिश की संभावना है।
30 मई:
- राजस्थान के पश्चिमी इलाकों में हीटवेव जारी रह सकती है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी और मध्य भारत के कई हिस्सों में तापमान गिरने से गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
- गुजरात और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा।
- पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में आंधी, गरज-चमक और कुछ जगह ओलावृष्टि का अलर्ट है। कई इलाकों में तापमान 3°C से 6°C तक गिर सकता है।
- बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पूर्वी यूपी, पंजाब और हरियाणा में 50-70 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की संभावना है।









