![]()
महिलाओं के चेहरे पुरुषों के मुकाबले ज्यादा आकर्षक माने जाते हैं। अब नई रिसर्च के मुताबिक सिर्फ पुरुष ही नहीं बल्कि महिलाएं भी दूसरी सुंदर महिलाओं से आकर्षित होती हैं। हालांकि उम्र बढ़ने के साथ यह फर्क घटता जाता है और 80 साल के आसपास लगभग खत्म हो जाता है। यह दावा जर्मनी के मैक्स प्लांक इंस्टीट्यूट फॉर एम्पिरिकल एस्थेटिक्स के रिसर्चर डॉ. यूजेन वासिलिविज्की की टीम की स्टडी में किया गया है। डॉ. वासिलिविज्की के मुताबिक यह असर बहुत मजबूत है और अलग-अलग संस्कृतियों में भी दिखता है। खास बात यह है कि महिलाएं दूसरी महिलाओं को आकर्षण के मामले में ज्यादा रेटिंग देती हैं, जबकि पुरुषों को कम। 52 रिसर्च का डेटा, 30 हजार लोगों की रेटिंग शोधकर्ताओं ने 76 देशों के 52 अध्ययनों को जोड़कर बड़ा डेटासेट बनाया। इसमें करीब 30 हजार लोगों ने 17 हजार चेहरों को 15 लाख से ज्यादा रेटिंग्स दीं। नतीजों के मुताबिक एक औसत महिला का चेहरा करीब 60% पुरुषों के चेहरों से ज्यादा आकर्षक माना गया। यह अंतर पश्चिमी देशों में ज्यादा मजबूत दिखा। चेहरे की बनावट भी वजह, गोल चेहरे ज्यादा पसंद ‘प्रोसीडिंग्स ऑफ द रॉयल सोसाइटी बी’ में प्रकाशित शोध के मुताबिक आकर्षण के पीछे चेहरे की बनावट भी एक वजह हो सकती है। वैज्ञानिकों ने बताया कि पुरुषों के चेहरे औसतन ज्यादा चौकोर/आयताकार होते हैं, जबकि महिलाओं के चेहरे ज्यादा गोल/अंडाताक होते हैं। स्टडी में पुरुष और महिला दोनों ने गोल चेहरों को ज्यादा आकर्षक माना। शोध यह पूरी तरह नहीं बताता कि ऐसा क्यों, लेकिन वैज्ञानिकों का मानना है कि गोल चेहरे बच्चों जैसे फीचर्स से मिलते-जुलते लगते हैं, इसलिए पसंद बढ़ सकती है। उम्र बढ़ने के साथ घटता है चेहरों में आकर्षण का अंतर स्टडी में 18 से 80 साल तक के डेटा में पाया गया कि उम्र बढ़ने के साथ महिलाओं और पुरुषों के चेहरों के बीच आकर्षण का अंतर लगातार कम होता जाता है। डॉ. वासिलिविज्स्की के मुताबिक उम्र के साथ महिला-पुरुष के चेहरे की बनावट का फर्क सिकुड़ता है और दोनों ज्यादा एक जैसे दिखने लगते हैं, इसलिए बुढ़ापे में यह अंतर लगभग खत्म हो जाता है। प्रसिद्ध जीव विज्ञानी चार्ल्स डार्विन का मानना था कि जानवरों में नर (पुरुष) ज्यादा आकर्षक होते हैं, लेकिन इंसानों में उल्टा है। यहां महिलाएं ज्यादा सुंदर मानी जाती हैं।
Source link








