दिल्ली के रहने वाले रोहित शौकीन की गुरुग्राम बुलाकर शूटरों ने हत्या कर दी। उसे सिद्धू मूसेवाला की तरह मारा गया। – फाइल फोटो
हरियाणा में गुरुग्राम के सेक्टर-77 में SPR लिंक रोड पर म्यूजिक इंडस्ट्री के फाइनेंसर रोहित शौकीन का मर्डर ठीक वैसे किया गया है, जैसे पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का किया गया था। दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उनका शरीर छलनी कर दिया गया।
.
अंतर केवल इतना है कि मूसेवाला को गाड़ी में ही गोलियां मारी गई थीं, जबकि शौकीन को गाड़ी के बाहर गोलियां मारी गई हैं। शौकीन पर 40 से ज्यादा राउंड फायर किए गए, जिनमें से 12 गोलियां शरीर के आरपार हुई हैं। मेडिकल रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि रोहित की हत्या के लिए प्रोफेशनल शूटर आए थे। उन्होंने कम से कम 4 मैगजीन खाली की हैं। गोलियों के दर्जनों खोल मिले हैं। रोहित के शरीर का कोई हिस्सा ऐसा नहीं छोड़ा, जहां गोली न मारी गई हो। उसकी लाश गाड़ी के बाहर पड़ी मिली। गाड़ी से एक बैग भी बरामद हुआ है।

रोहित शौकीन की गाड़ी पर भी एक गोली लगने का निशान है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासे…
- रोहित के मर्डर में मॉडर्न हथियारों का इस्तेमाल हुआ: पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रोहित शौकीन मर्डर केस में भी हमलावरों ने पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया और मॉडर्न कंट्रीमेड .30 कैलिबर हथियारों का इस्तेमाल किया गया। रोहित को मारने के लिए 2 हमलावर आए थे। दोनों ने दोनों हाथों से गोलियां चलाईं।
- 3 गोलियां शरीर से बरामद हुईं: पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, रोहित के सिर, गर्दन, छाती, पेट, बाजुओं और नितंबों पर कम से कम 12 गोलियां लगीं। मेडिकल बोर्ड ने उसके शरीर से तीन .30 कैलिबर की गोलियां बरामद कीं।

गुरुग्राम में घटनास्थल पर पुलिस ने बनाए गोलियों के खोल मिलने के निशान।
दबदबा दिखाने और खौफ पैदा करने के लिए मर्डर
29 मई 2022 को मानसा (पंजाब) में हुई सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या ने देश को झकझोर दिया था। उस कांड में लॉरेंस गैंग के शॉर्प शूटरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। उसका मकसद गैंगवार, बदला लेना और गैंग के दबदबे को स्थापित करना था। इसमें विदेश में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की प्रमुख भूमिका भी सामने आई थी।
पुलिस का मानना है कि रोहित की हत्या न सिर्फ किसी व्यक्तिगत रंजिश का नतीजा हो सकती है, बल्कि इसके पीछे गैंगस्टर लॉबी का मकसद गुरुग्राम जैसे शहर में अपना दबदबा दिखाना और खौफ पैदा करना भी हो सकता है।

गुरुग्राम में सोमवार रात को मौके से सबूत इकट्ठे करते पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम।
रोहित का गैंगस्टर कनेक्शन और रंजिश की कहानी…
- गैंगस्टरों के करीब था शौकीन, फाजिलपुरिया के करीब जाने पर बात बिगड़ी: पुलिस की जांच में इस हत्याकांड के पीछे गैंगस्टर कनेक्शन और लेन देन की रंजिश का मामला सामने आ रहा है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि रोहित शौकीन दिल्ली का रहने वाला था। वह गैंगस्टर सुनील सरधानिया और दीपक नांदल का बचपन का दोस्त था। वह पहले म्यूजिक इंडस्ट्री में था और सुनील-दीपक के माध्यम से सिंगर राहुल फाजिलपुरिया से जान पहचान हुई। बताया जा रहा है कि रोहित शौकीन ने गैंगस्टरों को बाइपास कर फाजिलपुरिया के करीब आने की कोशिश की, जो गैंगस्टरों को रास नहीं आया। साथ ही फाजिलपुरिया की भी दूरी बन गई।
- फाजिलपुरिया को दिए पैसे की रोहित ने ली थी गारंटी: पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ सालों पहले गैंगस्टरों ने फाजिलपुरिया की एल्बम में पैसे लगाए थे। बीच में रोहित शौकीन ने गारंटी ली थी कि अगर किन्हीं कारणवश फाजिलपुरिया पैसे नहीं लौटा पाता है तो रोहित उन्हें पैसे वापस देगा। अब रोहित भी पैसे वापस करने से मुकर रहा था। इसी पैसे के सिलसिले में रोहित को फाजिलपुरिया के घर के पास बुलाया गया था, और सुनसान माहौल देख उसे मार दिया गया।
- रोहित को मारकर फाजिलपुरिया को संदेश दिया: सुनील सरधानिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इस हत्या की जिम्मेदारी ली है और राहुल फाजिलपुरिया को धमकी भी दी है। सरधानिया ने फाजिलपुरिया से 5 करोड़ रुपए मांगे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार रोहित शौकीन को निशाना बनाने का मकसद फाजिलपुरिया को सख्त संदेश देना था। पुलिस इस मामले में हिमांशु भाऊ गैंग के लिंक की भी जांच कर रही है।

सुनील सरधानिया की ओर से यह पोस्ट वायरल कर हत्या की जिम्मेदारी ली गई। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
इस मामले में फाजिलपुरिया ने ये बातें कहीं…
- दीपक नांदल रोहित के बचपन का दोस्त, कमेटी के पैसों को लेकर झगड़ा: इस पूरे मामले पर सिंगर राहुल फाजिलपुरिया ने कहा है- रोहित शौकीन मेरा न तो फाइनेंसर था और न ही गारंटर था। उसका अपने बचपन के दोस्त दीपक नांदल से झगड़ा चल रहा था। आठ नौ साल पहले उनका कमेटी के पैसों को लेन देन का कोई मामला था। इसके बाद से उनके बीच सोशल मीडिया पर भी पोस्ट डाली गई थी। इसके बाद से मेरा ज्यादा ताल्लुक नहीं था।
- मेरे घर के पास लाकर मारा ताकि मुझपर दबाव बढ़े: फाजिलपुरिया ने कहा- पिछले महीने जब मेरे ऊपर फायरिंग की गई थी तो मेरी रोहित शौकीन से इसी बात को लेकर बातचीत हुई थी। मेरे घर के पास लाकर रोहित का मर्डर कराना एक तरह से मेरे ऊपर दबाव बनाना है। जबकि मेरा दीपक और सुनील सरधानिया के साथ कोई भी लेन देन नहीं है। बाहर बैठकर तो कोई कुछ भी पोस्ट डाल दे। जब मेरे ऊपर फायरिंग हुई थी, तब दो-तीन साल बाद मेरी रोहित से बात हुई थी। उसके बाद भी कोई बात नहीं हुई।
रोहित शौकीन का भी आपराधिक रिकॉर्ड रोहित शौकीन कोई साधारण व्यक्ति नहीं था। उसके खिलाफ दिल्ली में तीन आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें कब्जा, मारपीट और फिरौती शामिल हैं। एक साल पहले रोहित के पिता ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बेटे की जान को खतरा है। इस शिकायत में रोहित को धमकियां मिलने की बात कही गई थी, लेकिन तब पुलिस ने इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
मृतक के भाई ने कहा था- मेरी कार लेकर गया मृतक के बड़े भाई विजय शौकीन ने पुलिस को बताया है कि रोहित रियल एस्टेट और किराये के कारोबार में था। मुझे नहीं पता था कि उसे हाल ही में कोई धमकी मिली थी या वह किसी गैंगस्टर के संपर्क में था।अपनी FIR में विजय ने बताया है- रोहित ने नोएडा जाने के लिए मेरी दिल्ली में पंजीकृत मारुति फ्रॉन्क्स कार ली थी। सोमवार रात 8:57 बजे मुझे फोन आया कि रोहित को गुरुग्राम में गोली मार दी गई है, जिसके बाद मैं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वहां पहुंचा।
सिंगर फाजिलपुरिया पर की थी फायरिंग सुनील सरधानिया ने पहले 14 जुलाई की रात सेक्टर-71 में सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी ली थी। इस हमले में फाजिलपुरिया बाल-बाल बच गए थे, लेकिन बाद में एक धमकी भरा पोस्ट ऑनलाइन सामने आया, जिसमें उन्हें 5 करोड़ रुपए लौटाने करने या परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी। उस घटना के बाद पुलिस ने सिंगर को दो सशस्त्र पुलिसकर्मियों सहित चौबीसों घंटे सुरक्षा प्रदान की।
पुलिस टीमें जांच कर रहीं रोहित शौकीन हत्याकांड को लेकर मानेसर के ACP वीरेंद्र सैनी का कहना है कि हमलावरों और साजिशकर्ताओं का पता लगाने के लिए क्राइम ब्रांच की टीमें भी लगी हुई हैं। पुलिस जल्द ही हमलावरों को पकड़ लेगी। लेन देन के विवाद और सभी एंगल की जांच की जा रही है।








