मृदुला द्विवेदी1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

इंडोनेशिया के पश्चिमी पापुआ में फैला राजा अम्पाट 1,500 से अधिक द्वीपों का एक मनमोहक द्वीप समूह है। यह इलाका भले ही काफी दूर-दराज क्षेत्र में है, लेकिन यहां पहुंचते ही लगता है मानो आप सचमुच की जन्नत में आ गए हों। राजा अम्पाट चार बड़े हिस्सों से मिलकर बना है- वाईगेओ, बाटांता, सालावाती और मिसूल। यहां आनंद लेने के लिए आपका गोताखोर होना जरूरी नहीं है। अगर आप तैरना जानते हैं तो स्नॉर्कलिंग कर सकते हैं और अगर तैरना भी नहीं आता तब भी यहां की अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध संस्कृति आपकी यात्रा को अविस्मरणीय बना देती है। यहां की सारी यात्राए बोट्स के सहारे ही होती हैं।
बर्ड्स ऑफ पैराडाइज सॉविंग्ग्राई, अरबोरेक और सॉन्डारेक जैसे गांवों में न सिर्फ प्रकृति की खूबसूरती बिखरी पड़ी नजर आती है, बल्कि वहां के सीधे-सादे और हंसमुख लोगों से मिलने का अवसर भी मिलता है। ये सभी गांव बेहद रमणीय हैं और यहां होमस्टे की सुविधा भी उपलब्ध है। सॉविंग्ग्राई गांव के चौक के पास प्राकृतिक खाड़ी है, जहां रंग-बिरंगी मछलियां खुली आंखों से दिख जाती हैं। और अगर आप सुबह-सुबह गाइड के साथ निकलें तो वे आपको दुर्लभ ‘बर्ड्स ऑफ पैराडाइज’ दिखा सकते हैं। इनका दिखना हालांकि किस्मत पर निर्भर है, लेकिन यहां इन्हें देखने की अच्छी संभावना रहती है। अरबोरेक में जीवंत संस्कृति अरबोरेक में संस्कृति जीवंत है। स्थानीय लोग अपनी हटों के पास स्वच्छ समुद्र-तट पर गाते और नृत्य करते मिल जाते हैं। सॉन्डारेक में बच्चे शाम के समय लकड़ी की छोटी-छोटी नावों से खेलते हैं, जैसे शहरों में बच्चे पार्क में खेलते हैं। ज्यादातर लोग अंग्रेजी नहीं बोल पाते हैं, लेकिन कुछ लोग जानते हैं और बातचीत किसी न किसी तरह हो जाती है। यहां का सूर्यास्त आसमान को अद्भुत रंगों से भर देता है।
पियानेमो द्वीप: हालांकि सभी गांव बेहद सुंदर हैं, लेकिन पियानेमो द्वीप का नजारा असाधारण है। वहां जाने के लिए बोट किराए पर लेनी पड़ती है, लेकिन इसकी व्यवस्था आसानी से हो जाती है। यहां एक लकड़ी का प्लेटफॉर्म है, जहां खड़े होकर आप हरे-भरे टीलों से घिरे समुद्र को निहार सकते हैं। समुद्र का रंग हर कुछ मीटर पर बदलता है। यह इलाका पूरे क्षेत्र का सबसे ज्यादा फोटोग्राफ किया जाने वाला स्थान है।
पसिर टेम्बुल : पसिर टेम्बुल एक अस्थायी रेतीला टापू है, जो ज्वार उतरने पर उभर आता है। नाव किनारे लगने के बाद आप सफेद रेतीले किनारों पर पैदल घूम सकते हैं और प्रकृति का लुत्फ उठा सकते हैं। चूंकि यह एक प्राकृतिक घटना (ज्वार उतरने पर) का परिणाम होती है, इसलिए स्थानीय लोग आपको सही समय पर ले जाते हैं, ताकि अनुभव और शानदार हो। स्नॉर्कलिंग और डाइविंग : राजा अम्पाट अपनी स्नॉर्कलिंग और डाइविंग के लिए विश्व प्रसिद्ध है। यह दुनिया के सबसे लोकप्रिय डाइविंग स्थलों में से एक है। यहां डाइविंग पैकेज उपलब्ध हैं। आप बोट पर रह सकते हैं और अलग-अलग जगहों पर जाकर बार-बार डाइविंग का आनंद उठा सकते हैं। अगर आपको प्रकृति से प्रेम है और भीड़भाड़ से दूर रहना पसंद है तो राजा अम्पाट आपके लिए सचमुच स्वर्ग है। यहां के सरल लोग, अद्भुत प्रकृति और जीवन की धीमी गति आपको मंत्रमुग्ध कर देगी।
जकार्ता और बाली से जुड़ा है यह इलाका कैसे पहुंचें? राजा अम्पाट दूर-दराज का क्षेत्र है, इसलिए वहां पहुंचना थोड़ा प्रयास मांगता है। निकटतम हवाई अड्डा सोरोंग है, जो इंडोनेशिया के बड़े शहरों, जैसे जकार्ता और बाली से जुड़ा हुआ है। सोरोंग से आपको वैसाई तक फेरी लेनी होगी। वहां से आपका आवास प्रदाता आपको बोट के जरिए आपके होमस्टे या लॉज तक पहुंचा देगा। कहां ठहरें? चार बड़े क्षेत्रों में से वाईगेओ सबसे सुलभ है। यहां के गांवों में लॉज और होमस्टे उपलब्ध हैं। क्षेत्र दूरस्थ होने के कारण दाम अपेक्षाकृत अधिक होते हैं। यहां शाकाहारी भोजन की व्यवस्था भी हो सकती है, लेकिन विकल्प सीमित रहेंगे। अन्य तीन क्षेत्रों में भी ठहरना संभव है, पर वे और भी दुर्गम हैं। कब जाएं? यहां पर्यटन के लिए सबसे अच्छा मौसम अक्टूबर से अप्रैल तक होता है। मई से सितंबर तक बारिश का मौसम होता है और मौसम अनिश्चित रह सकता है। हालांकि जून में कोरल स्पॉनिंग सीजन चरम पर होता है।








