रसरंग में ट्रैवल:  सेंट पीटर्सबर्ग, जहां सांस लेता है शाही इतिहास
अअनुबंधित

रसरंग में ट्रैवल: सेंट पीटर्सबर्ग, जहां सांस लेता है शाही इतिहास

Spread the love


पर्णश्री देवी6 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

सेंट पीटर्सबर्ग एक ऐसा शहर है, जो आपको मंत्रमुग्ध कर देगा। यहां विश्व प्रसिद्ध संग्रहालयों और महलों से लेकर मनमोहक नहरों और साहित्यिक स्थलों तक, सबकुछ हैं। सेंट पीटर्सबर्ग रूस की सांस्कृतिक राजधानी है जो शाही वास्तुकला, ऐतिहासिक वैभव और आधुनिक जीवन की जीवंतता का शानदार संगम है। पीटर द ग्रेट द्वारा 1703 में स्थापित यह शहर नेवा नदी के किनारे बसा है और हर तरह के पर्यटकों के लिए अनुभवों का खजाना पेश करता है।

हेरमिटेज म्यूजियम और विंटर पैलेस सेंट पीटर्सबर्ग की यात्रा तब तक पूरी नहीं मानी जाती, जब तक आप स्टेट हेरमिटेज म्यूजियम में कदम नहीं रखते, जो दुनिया के सबसे बड़े और प्राचीन संग्रहालयों में से एक है। यह मुख्य रूप से विंटर पैलेस में स्थित है जो कभी रूसी जारों का भव्य निवास हुआ करता था। हेरमिटेज में 30 लाख से अधिक वस्तुएं प्रदर्शित हैं, जिनमें लियोनार्डो दा विंची, माइकल एंजेलो और पिकासो के वर्क शामिल हैं। हर कमरा स्वयं एक कलाकृति जैसा है, जहां बारोक शैली की सजावट, सुनहरी नक्काशी और कलात्मक छतें नजर आती हैं। संग्रहालय के विभिन्न हिस्सों को देखने में पूरा दिन लग सकता है, इसलिए गाइडेड टूर बुक करना बेहद उपयोगी रहता है।

चर्च ऑफ द सेवियर रंग-बिरंगे प्याज आकार के गुंबदों वाला यह चर्च शहर के सबसे ज्यादा फोटोग्राफ किए जाने वाले स्थलों में से एक है। यह उस स्थान पर बना है, जहां 1881 में जार अलेक्जेंडर द्वितीय की हत्या हुई थी। यह चर्च एक स्मारक होने के साथ-साथ रूसी रिवाइवल वास्तुकला की एक अद्भुत मिसाल भी है। अंदर लगभग 7,500 वर्गमीटर में फैली मोजेक कलाकृतियां हैं, जिनमें बाइबिल के दृश्य और जटिल ज्यामितीय पैटर्न दिखाए गए हैं। ऊपर की गैलरी तक जाने वाली संकरी सीढ़ियों पर चढ़कर अंदरूनी हिस्से का ऊपर से नजारा लेना न भूलें।

पीटरहॉफ पैलेस और गार्डन्स यह परिसर महलों, फव्वारों और बगीचों का अद्भुत संगम है जो शहर से लगभग 30 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। पीटर द ग्रेट ने इसे यूरोपीय भव्यता की बराबरी करने के लिए बनवाया था। मुख्य महल का दरवाजा ग्रैंड कैस्केड की ओर खुलता है, जो शानदार फव्वारों, सुनहरी मूर्तियों और झरनों की शृंखला है। बगीचे भी उतने ही मनमोहक हैं, जहां अचानक चालू हो जाने वाले ट्रिक फाउंटेन अनजान पर्यटकों को चौंका देते हैं।

सेंट आइजैक कैथेड्रल दुनिया के सबसे बड़े गुंबददार गिरजाघरों में से एक सेंट आइजैक कैथेड्रल नवशास्त्रीय वास्तुकला का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। इसका बाहरी हिस्सा भव्य और प्रभावशाली है, जबकि अंदरूनी भाग मोजेक मूर्तियों और मालाकाइट व लैपिस लाजुली से बने स्तंभों से सुसज्जित है। गुंबद के शीर्ष पर बने कोलनेड तक जाने के लिए 262 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं, लेकिन वहां से नेवा नदी से लेकर पूरे शहर की स्काईलाइन तक का विहंगम दृश्य दिखाई देता है।

नेव्स्की प्रोस्पेक्ट सेंट पीटर्सबर्ग की धड़कन कहे जाने वाला नेव्स्की प्रोस्पेक्ट सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक अनुभव है। यह ऐतिहासिक इमारतों, स्टाइलिश कैफे, बड़े डिपार्टमेंट स्टोर और थिएटरों से सजी है जो इसे टहलने या खरीदारी करने के लिए आदर्श जगह बनाती है। रास्ते में देखने योग्य प्रमुख स्थल हैं कजान कैथेड्रल, डोम क्नीगी (हाउस ऑफ बुक्स) और सिंगर बिल्डिंग जिसकी आर्ट नोव्यू डिजाइन विशिष्ट है। रात में नेव्स्की प्रोस्पेक्ट का नजारा बेहद मनमोहक होता है। नेव्स्की प्रोस्पेक्ट इस शहर की आत्मा को अपने भीतर समेटे हुए है।

कैथरीन पैलेस शहर के बाहर पुश्किन नामक कस्बे में स्थित कैथरीन पैलेस बारोक शैली की अद्भुत मिसाल है और कभी यह रूसी शाही परिवार का ग्रीष्मकालीन निवास हुआ करता था। इसका सबसे प्रसिद्ध आकर्षण है मशहूर एंबर रूम जिसे द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान नष्ट हो जाने के बाद फिर से बनाया गया। इसके भव्य हाॅल, सुनहरी सजावट वाले बॉलरूम और बारीकी से डिजाइन किए गए बगीचे अठारहवीं सदी के रूस की भव्यता को दर्शाते हैं। यह पैलेस बेहद लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, इसलिए लंबी कतारों से बचने के लिए पहले से टिकट या गाइडेड टूर बुक कर लेना समझदारी है।

युसुपोव पैलेस चमक-दमक में भले ही यह पीछे हो लेकिन रहस्य और इतिहास में डूबा हुआ युसुपोव पैलेस वही स्थान है जहां रास्पुतिन की कुख्यात हत्या हुई थी। यह कभी रूस के सबसे धनी परिवारों में से एक का घर था और अब यह शाही जीवनशैली की एक झलक प्रस्तुत करता है। इसके आलीशान इंटीरियर, कला संग्रह और तहखाने में रासपुतिन की हत्या के पुनर्निर्मित दृश्य इसे खास बनाते हैं। ऑडियो गाइड और गाइडेड टूर इस अनुभव को और भी रोचक बना देते हैं और इसमें ऐतिहासिक घटनाओं का रोमांच जीवंत हो उठता है।

कला प्रेमियों के लिए ये भव्य स्थल पहला स्थल मैरिंस्की थिएटर है, जहां अन्ना पावलोवा और फ्योदोर चेलियापिन जैसे महान कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं और यह आज भी विश्वस्तरीय प्रस्तुतियों का केंद्र है। भले ही आप शास्त्रीय संगीत के प्रशंसक न हों, यहां का शो देखना एक शानदार सांस्कृतिक अनुभव देगा। इसी तरह सुसज्जित शूवालोव पैलेस में स्थित फाबर्जे म्यूजियम में प्रसिद्ध ज्वेलर पीटर कार्ल फाबर्जे की रचनाओं का दुनिया का सबसे बड़ा संग्रह है, जिसमें उनके नौ शानदार इंपीरियल ईस्टर एग भी शामिल हैं। हर कलाकृति शाही भव्यता, उत्कृष्ट कारीगरी और कलात्मक नवाचार की कहानी कहती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *