![]()
एक लोक कथा है, पुराने समय एक महिला रोज अपने घर के पास के मंदिर में पूजा करने जाती थी। वह बहुत नियम से भक्ति करती थी और भगवान में उसकी गहरी आस्था थी, लेकिन धीरे-धीरे उसके मन में एक बात घर करने लगी कि मंदिर में आने वाले कई लोग सिर्फ दिखावा करते हैं। कुछ लोग पूजा के समय भी आपस में बातें करते रहते हैं, जिससे माहौल भक्ति वाला नहीं लगता। एक दिन वह महिला बहुत परेशान होकर मंदिर के पुजारी के पास गई और बोली, “मैं अब इस मंदिर में नहीं आना चाहती। यहां लोग भगवान की भक्ति नहीं करते, बस दिखावा करते हैं और व्यर्थ बातें करते हैं।” पुजारी ने शांति से उसकी बात सुनी। वह उस महिला को अच्छी तरह जानते थे, क्योंकि वह वर्षों से मंदिर आ रही थी। उन्होंने पूछा, “क्या आप ने सच में यह सब देखा है?” महिला ने कहा, “हां, मैंने देखा है और मुझे अच्छा नहीं लगता।” पुजारी मुस्कुराए और बोले, “ठीक है, अगर आपका मन नहीं है तो मत आना, लेकिन इससे पहले मेरा एक छोटा सा काम कर दो।” महिला ने कहा, “बताइए क्या करना है?” पुजारी ने उसे एक गिलास दूध दिया और कहा, “इस गिलास को लेकर मंदिर की दो परिक्रमा करो, लेकिन ध्यान रहे कि एक भी बूंद दूध जमीन पर न गिरे।” महिला ने दूध का गिलास लिया और धीरे-धीरे चलने लगी। वह बहुत सावधानी से चल रही थी कि उसका पूरा ध्यान सिर्फ दूध पर था। वह इधर-उधर बिल्कुल नहीं देख रही थी। मंदिर के लोग क्या कर रहे हैं, कौन क्या बोल रहा है- उसने कुछ भी नहीं देखा-सुना। दो परिक्रमा पूरी करने के बाद वह वापस पुजारी के पास पहुंची। पुजारी ने पूछा, “क्या आप ने देखा कि मंदिर में कौन क्या कर रहा है? क्या किसी व्यक्ति की बातों ने आपको परेशान किया?” महिला ने कहा, “नहीं, मेरा पूरा ध्यान तो दूध पर था। मैं कुछ और देख-सुन ही नहीं पाई।” पुजारी मुस्कुराए और बोले, “यही तो सीख है। जब आप ने ध्यान सिर्फ एक काम पर लगाया, तो बाकी सब चीजें महत्वहीन हो गईं। इसी तरह जब हम पूजा करते हैं, तो हमें भी पूरा ध्यान भगवान पर रखना चाहिए। अगर मन इधर-उधर भटकेगा, तो पूजा का पूरा फल नहीं मिलेगा।” महिला को अपनी गलती समझ आ गई। उसने निश्चय किया कि अब वह दूसरों की ओर ध्यान नहीं देगी और केवल भक्ति पर ध्यान लगाएगी। प्रसंग की सीख जब हम एक साथ कई काम करने की कोशिश करते हैं, तो हमारा ध्यान टूट जाता है। बेहतर है कि एक समय पर एक ही काम करें और उसे पूरी लगन से पूरा करें, तभी सफलता मिल सकती है। आसपास की व्यर्थ घटनाओं पर ध्यान न दें, ये घटनाएं हमारे मन को भटका सकती हैं। काम हो या पूजा, हमें अपना पूरा ध्यान एक जगह केंद्रित रखना चाहिए। हम अक्सर देखते हैं कि हमारे आसपास अन्य लोग क्या कर रहे हैं, लेकिन इससे हमारा फोकस टूट जाता है। अपने लक्ष्य और काम पर ध्यान देना चाहिए। मन को नियंत्रित करना चाहिए। रोज कुछ समय ध्यान यानी मेडिटेशन करने से मन शांत और स्थिर रहता है। चाहे पूजा हो या कोई काम, अगर हम उसे पूरी निष्ठा, एकाग्रता और मन से करते हैं तो उसका परिणाम बेहतर मिलता है। दूसरों की कमियां देखने से मन अशांत होता है। सकारात्मक सोच अपनाने से जीवन सरल और शांत बनता है। अपने व्यक्तिगत सुधार और अपनी आदतों पर ध्यान देना सबसे महत्वपूर्ण है। दूसरों को बदलने से ज्यादा जरूरी खुद को सुधारना है। यदि हम अपने मन को एक दिशा में स्थिर रखना सीख लें, तो जीवन में सफलता, शांति और संतोष आसानी से मिल सकता है। पूजा हो या जीवन का कोई भी कार्य, एकाग्रता ही सबसे बड़ी शक्ति है।
Source link








