- Hindi News
- Opinion
- Cecilia Ricap Column: AI Hype Vs Google Cloud Real Power | Tech Analysis
12 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

सेसिलिया रिकाप यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन में एसोसिएट प्रोफेसर
हाल ही में जब गूगल (अल्फाबेट) ने अपने ताजा तिमाही नतीजे घोषित किए, तो निवेशकों को उसके नकारात्मक फ्री कैश फ्लो और डेटा सेंटरों पर बढ़ते खर्च को लेकर चिंता हुई। लेकिन गूगल- ओपनएआई या एन्थ्रोपिक जैसी कंपनी नहीं है, जो भारी खर्च करते हुए मुनाफे वाला बिजनेस मॉडल तलाश रही हो।
वह क्लाउड-कंप्यूटिंग क्षेत्र की दिग्गज कंपनी है और दूसरी तिमाही में उसके क्लाउड डिवीजन के नतीजे असाधारण रहे हैं। गूगल क्लाउड का राजस्व साल-दर-साल 82 प्रतिशत बढ़ा है और अब यह गूगल सर्च से होने वाले राजस्व के 40 प्रतिशत के बराबर पहुंच गया है।
दो अन्य टेक दिग्गज- माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन भी इसी स्थिति में हैं। माइक्रोसॉफ्ट का क्लाउड कारोबार उसका सबसे तेजी से बढ़ने वाला डिवीजन है और रिकॉर्ड मुनाफा कमा रहा है। वहीं अमेजन वेब सर्विसेज की शुद्ध बिक्री साल-दर-साल 37 प्रतिशत बढ़ी है, जिसे कंपनी ने पिछली 18 तिमाहियों में सबसे तेज ग्रोथ बताया है। एआई इन क्लाउड दिग्गजों का ट्रोजन हॉर्स है। एआई को लेकर जितनी हाइप बनेगी, क्लाउड का इस्तेमाल उतना ही बढ़ेगा और इनका बिजनेस उतना ही फैलेगा।
क्लाउड पर मालिकाना हक होने के कारण इन कंपनियों के हाथों में पूरे डिजिटल ढांचे का नियंत्रण है। डेटा और सॉफ्टवेयर से लेकर सेमीकंडक्टर और अत्याधुनिक एआई मॉडल तक- सब कुछ क्लाउड के माध्यम से उपलब्ध कराया जाता है।
डिजिटल तकनीकों को विकसित करने या उन्हें लागू करने वालों के लिए क्लाउड एक अपरिहार्य सुपरमार्केट है। थर्ड पार्टीज़ भी अपनी डिजिटल तकनीकों को सेवाओं के रूप में उपलब्ध कराती हैं, जिससे क्लाउड की एक ही जगह हर चीज उपलब्ध कराने वाले केंद्र के रूप में उपयोगिता और बढ़ जाती है।
नतीजतन, हजारों कंपनियों का एक विशाल नेटवर्क तैयार हो गया है- जिसमें एसएपी, ओरेकल और आईबीएम जैसे दूसरे दिग्गज भी शामिल हैं- जो अमेजन, माइक्रोसॉफ्ट और गूगल के स्वामित्व वाले प्लेटफॉर्मों के जरिए अपनी तकनीकें उपलब्ध करा रही हैं।
इस तरह, क्लाउड वह जगह है, जहां अनेक कंपनियां मिलकर डिजिटल तकनीकों का निर्माण करती हैं, लेकिन उनका बड़ा लाभ कुछ गिनी-चुनी कंपनियों को ही मिलता है। क्लाउड पर नियंत्रण ने अमेजन, माइक्रोसॉफ्ट और गूगल को ओरेकल और एनवीडिया जैसी दूसरी विशाल टेक कंपनियों से भी अलग दर्जा दिया है।
ओरेकल या मेटा के विपरीत, क्लाउड दिग्गज डेटा सेंटरों में केवल एआई मॉडलों को प्रशिक्षित करने और उन्हें चलाने के लिए निवेश नहीं कर रहे हैं, बल्कि अधिक ग्राहकों को अपने मौजूदा इकोसिस्टम में लाने के लिए भी कर रहे हैं।
हर उद्योग की कंपनियां, सरकारें और यहां तक कि अंतरराष्ट्रीय संगठन भी अमेजन, माइक्रोसॉफ्ट और गूगल से अपनी जरूरतों के मुताबिक तैयार की गई डिजिटल सेवाओं के विशाल पैकेज किराये पर लेते हैं। इनमें वर्चुअल सर्वरों पर स्टोरेज, कंटेंट डिलीवरी नेटवर्क, साइबर सुरक्षा सॉफ्टवेयर, यूजर ट्रैफिक को रूट करने की तकनीक और सैकड़ों अन्य सेवाएं शामिल हैं।
एआई मॉडलों के बीच जितनी प्रतिस्पर्धा होगी, क्लाउड दिग्गज उतने ही मजबूत होते जाएंगे। अधिक एआई मॉडल्स का मतलब है डिजिटल तकनीकों का अधिक विकास और उपयोग, और क्लाउड कारोबार का और विस्तार।
ओपनएआई और एन्थ्रोपिक जैसी एआई लैब्स को अपना पूरा समय और ध्यान अधिक एडवांस्ड मॉडल जारी करने पर केंद्रित करना पड़ता है, जिससे वे और अधिक क्लाउड सेवाओं का इस्तेमाल करने लगती हैं। एआई का चाहे जो हो, क्लाउड दिग्गजों का नियंत्रण केवल बढ़ता जाएगा।
(@प्रोजेक्ट सिंडिकेट)







