![]()
अब धार्मिक यात्राओं पर जाने वाले लोग लग्जरी सुविधाओं की डिमांड कर रहे हैं। इसके लिए ज्यादा पैसा भी खर्च कर रहे हैं। यही वजह है कि बड़े होटल एंड हॉस्पिटैलिटी ग्रुप्स अब अयोध्या, वृंदावन, वाराणसी और हरिद्वार जैसे धार्मिक शहरों में लग्जरी प्रॉपर्टीज ला रहे हैं। ट्रेवल प्लेटफॉर्म मेकमाईट्रिप और एचवीएस एनारॉक की रिपोर्ट्स के मुताबिक बीते साल भर में अयोध्या, वाराणसी, द्वारका, वृंदावन जैसे धार्मिक शहरों में लग्जरी होटल (10 हजार रु. से ऊपर के रूम) की बुकिंग में 23 से 25% की बढ़ोतरी देखने को मिली है। 10,000 रु. प्रति रात से महंगे अल्ट्रा-लग्जरी कमरों और पैकेजों की मांग भी 23% तक बढ़ी है। एचवीएस एनारॉक की हाल ही में आई ‘फेथ-लेड हॉस्पिटैलिटी इन इंडिया’ रिपोर्ट के मुताबिक ब्रांडेड होटलों के कुल कमरों में देश के धार्मिक शहरों की मौजूदा हिस्सेदारी केवल 6% है लेकिन अगले 4-5 साल में ये हिस्सेदारी दोगुनी से भी ज्यादा बढ़कर 14% होने की उम्मीद है। टाटा-आईटीसी जैसे ब्रांड धार्मिक शहरों में बढ़ा रहे मौजूदगी टाटा ग्रुप – अयोध्या में जून 2026 में अयोध्याम् नाम में 162 कमरों का प्रीमियम होटल खोला जा चुका है। इसके अलावा 7.2 एकड़ में 300 कमरों का भव्य ताज होटल और विला तैयार हो रहे हैं। वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर के पास 135 कमरों वाला विवांता वृंदावन लगजरी होटल शुरू हो चुका है। सरोवर होटल्स – सरोवर ग्रुप का 10% से 15% पोर्टफोलियो अब धार्मिक शहरों में है। ये केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि ‘असिस्टेड दर्शन’ और आरती गाइड जैसी सुविधाएं भी दे रहे हैं। अयोध्या, हरिद्वार और मथुरा के बाद उज्जैन, ओंकारेश्वर, ऋषिकेश, बोधगया और धर्मशाला में नई प्रॉपर्टीज ला रहे हैं। मैरियट और हिल्टन – भारत के 43 टियर-2, टियर-3 और धार्मिक शहरों में 50 से अधिक नए होटल खोले हैं। वाराणसी जैसे बड़े हेरिटेज कॉरिडोर पर हिल्टन होटल ग्रुप अपने ‘हिल्टन गार्डन इन’ ब्रांड का विस्तार कर रहा है। रेडिसन, सायाजी, ऑर्किड जैसे होटल्स भी मौजूदगी बढ़ा रहे हैं। आईटीसी होटल्स – अयोध्या में 143 कमरों के वेलकम होटल अयोध्या के लिए एग्रीमेंट किया है। इसमें स्पा, स्विमिंग पूल और विशाल बैंक्वेट होगा। आंध्र प्रदेश मंत्रालयम सहित कई प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों में भी नई प्रॉपर्टी बन रही है। बोधगया, शिरडी और वृंदावन में भी आईटीसी ग्रुप अपने ब्रांडेड लग्जरी होटल खोल रहा है। धार्मिक यात्रा के लिए भी अब लग्जरी पैकेज
1.5-2 लाख रु. प्रति व्यक्ति वाले पैकेज में 4-5 स्टार होटल में स्टे, लग्जरी क्रूज में गंगा आरती, वीआईपी दर्शन, व्यक्तिगत पूजा, 5 स्टार वेजेटेरियन फूड जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। ट्रांसफॉर्मिंग ट्रैवल्स की फाउंडर चांदनी अग्रवाल बताती हैं कि लग्जरी रिलीजियस ट्रैवल की डिमांड दो साल में करीब 50% तक बढ़ गई है। लोग बिना लाइन के दर्शन और लग्जरी होटल की डिमांड करते हैं। युवा वर्ग लग्जरी रिलीजियस ट्रैवल को बढ़ावा दे रहा है। आधुनिक भक्ति: श्रद्धा के साथ सहूलियत भी ‘आज के श्रद्धालु सहूलियत और आराम को भक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि अपनी सेहत और सुकून के लिए जरूरी मानते हैं। यात्री थकान, लंबी लाइनों और खराब मौसम से बचकर अपनी पूरी ऊर्जा भगवान की भक्ति में लगाते हैं। मंदिरों के बिल्कुल पास रुकने से भीड़ और ट्रैफिक में लगने वाला समय बचता है, 5-स्टार स्टैंडर्ड की साफ-सफाई, शुद्ध खाना और सुरक्षित माहौल बीमारियों का खतरा घटाता है। कठिन चढ़ाई या लंबी दूरी से बचने के लिए चार्टर्ड विमान, हेलीकॉप्टर और लग्जरी एसी गाड़ियों के साथ पर्सनल गाइड, पुजारी की डिमांड बढ़ रही है।’ – डॉ. नफीस हैदर नकवी, होटल एंड हॉस्पिटैलिटी एक्सपर्ट अयोध्या में 2030 तक बनेंगे 2100 ब्रांडेड होटल रूम एचवीएस की रिपोर्ट के मुताबिक अयोध्या लग्जरी रिलीजियस टूरिज्म की लिस्ट में सबसे ऊपर है। 2028 तक यहां की पर्यटन अर्थव्यवस्था करीब 18 हजार करोड़ रुपए की हो जाएगी। 2030 तक अयोध्या में करीब 2,100 ब्रांडेड होटल रूम खुलने की उम्मीद है। इसके बाद अमृतसर, पुष्कर, तिरुपति, वाराणसी, ऋषिकेश और वृंदावन का स्थान आता है। उज्जैन, हरिद्वार और द्वारका भी तेज ग्रोथ कर रहे हैं।
Source link







