![]()
लॉरेन बैंस के लिए जनवरी 2020 की एक सर्द सुबह किसी बुरे सपने जैसी थी। वह 27 हफ्तों की गर्भवती थीं और ठीक इसी समय उनकी शादी टूट गई। एक ओर चुनौतीपूर्ण वक्त और दूसरी तरफ टूटा हुआ दिल। लॉरेन कहती हैं, सुबह उठकर तैयार होना भी भारी लगता था। एक तो कपड़े फिट नहीं आते थे और दूसरा- मेरा हौसला पूरी तरह जवाब दे चुका था।’ आमतौर पर दिल टूटने के बाद लोग दोस्तों के साथ बाहर जाने का सहारा लेते हैं, लेकिन गर्भवती होने से लॉरेन के पास ये विकल्प भी नहीं था। उनके पास सिर्फ रोने या सन्नाटे को सुनने के अलावा कोई रास्ता नहीं था। तभी उनकी छोटी बहन एलिसा. जो खगोल वैज्ञानिक हैं ने उन्हें ‘एस्केप रूम’ चलने की अजीब सलाह दी। एस्केप रूम एक ऐसी जगह है, जहां आपको एक थीम वाले कमरे में बंद कर दिया जाता है और 60 मिनट के भीतर पहेलियां सुलझाकर बाहर निकलना होता है। लॉरेन को लगा कि डिप्रेशन के दौर में खुद को एक बंद कमरे में कैद करना स्थिति को और बिगाड़ देगा. लेकिन जो हुआ वह चमत्कार से कम नहीं था। जैसे ही टाइमर शुरू हुआ, लॉरेन का दिमाग अपनी निजी जिंदगी के दुखों से हटकर ‘माउंट ओलिंपस’ की पहेलियों को सुलझाने में लग गया। वह कहती हैं, ‘उस एक घंटे के लिए मैं भूल गई कि मुझे अकेले बच्चा पालना है। मेरा पूरा ध्यान इस पर था कि टाइटन्स और देवताओं के बीच का यद्ध कैसे रोका जाए।’ लॉरेन ने महसूस किया कि जब आप एक दिन आगे का भविष्य सोचने की हिम्मत भी नहीं जुटा पाते, तब चार अंकों वाला ‘लॉक’ खोलना आपको ‘जीत’ का अहसास कराता है। बेटी के जन्म से एक महीने पहले तक, उन्होंने अटलांटिस की खोज की, टाइटैनिक के यात्रियों को बचाया और एक फेल हो चुके लूनर मिशन से धरती पर वापस लौटीं। बेटी के जन्म से ठीक पहले लॉरेन ने जो आखिरी पहेली सुलझाई, उसका नाम था ‘लैब रैट’। उन्होंने समय खत्म होने से 6 मिनट पहले ही खुद को आजाद कर लिया था। लॉरेन के लिए यह सिर्फ एक खेल नहीं था। वह कहती हैं, ‘इन एस्केप रूम ने मुझे खुद के एक ऐसे भविष्य की झलक दिखाई जो मेरी कल्पना से अलग था… ऐसा भविष्य जो शायद वाकई ठीक होने वाला था।’ आत्मविश्वास दोबारा मजबूत करने में मिलती है मदद
मनोवैज्ञानिक जेफ्री डेविस कहते हैं, जब हम किसी जटिल समस्या को सुलझाने में पूरी तरह डूब जाते हैं, तो हमारा मस्तिष्क ‘चिंता’ वाले मोड से हटकर ‘समाधान’ के मोड में आ जाता है। एक्सपर्ट मानते हैं कि कठिन परिस्थितियों में छोटी-छोटी उपलब्धियां हासिल करना (जैसे पहेली सुलझाना) डोपामाइन रिलीज करता है, जो आत्मविश्वास को दोबारा मजबूत करने में मदद करता है। साथ ही मानसिक संतुलन और भावनात्मक स्थिरता भी बढ़ती है।
Source link








