![]()
मनाली के रांगड़ी स्थित एक होटल में दिल्ली का टैक्सी ड्राइवर बेसुध अवस्था में मिला। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनाली पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 49 वर्षीय वीरपाल निवासी नंद नगरी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वीरपाल होटल कलिंगा ग्रैंड, रांगड़ी में टेंपो ट्रैवलर (नंबर यूपी14 पीटी 3098) में बेसुध मिला था। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस को मृतक के शरीर पर बाहरी चोट का कोई निशान नहीं मिला है। साथी बोला-बेसुध अवस्था में मिला मृतक के साथी मुन्ना पारस ने पुलिस को बताया कि वीरपाल पिछली रात गाड़ी में शराब पी रहा था। सुबह वह बेसुध अवस्था में मिला। साथी ने उसकी मौत को लेकर किसी तरह का संदेह जाहिर नहीं किया है। पुलिस ने परिजनों को दी सूचना थाना प्रभारी मुनीश राज शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मृतक के बेटे को सूचना दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मनाली अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा और नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
Source link






