अपने सपनों को पाने और लक्ष्य प्राप्ति के लिए जब तैयारी करें तो केवल वहां पहुंचने के लिए अग्रसर रहे। तैयारी के समय लोग आपको डराएंगे, बोलेंगे यह तुमसे नहीं हो सकता, लेकिन खुद पर भरोसा रखो और आत्मविश्वास के साथ खुद को तैयार करते रहो। ये बातें अमर उजाला की ओर से मंगलवार को बरेली इंटर कॉलेज में आयोजित पुलिस की पाठशाला में एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने विद्यार्थियों से कहीं।
उन्होंने युवाओं को सचेत किया कि तैयारी के सफर में अक्सर लोग आपको डराएंगे और मनोबल गिराने की कोशिश करेंगे। कहेंगे कि यह लक्ष्य हासिल करना आपके बस की बात नहीं है, लेकिन ऐसे समय में दूसरों की बातों पर ध्यान न देकर केवल खुद पर भरोसा रखना चाहिए।
मेहनत की अहमियत पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अपने सपनों को खुद ही सच करना होता है, इसके लिए हार के डर को मन से निकालकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना जरूरी है। अपनी व्यक्तिगत सफलता का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि यूपीएससी की तैयारी के दौरान वह प्रतिदिन छह से सात घंटे पूरी एकाग्रता के साथ पढ़ाई करती थीं। उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी करें। उन्होंने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।