सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दो लोग एक दूसरे को किस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान का है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो 12 साल पुराना है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान दो लोग एक दूसरे को किस कर रहे हैं।
दीपक शर्मा नाम के एक्स यूजर ने लिखा, ‘ रात 2 बजे जंतर मंतर कॉकरोच प्रोटेस्ट अपने पीक पर होता है। ये प्रोटेस्ट नहीं रुकेगा…. युहीं चलेगा.. बढ़ेगा’ पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें Vishwas Anand नाम के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 12 नंवबर 2014 को साझा किया गया है। इसके साथ ही लिखा है कि JNU में ‘किस ऑफ लव’ फेस्टिवल।
इसके बाद किस ऑफ लव के फेसबुक अकाउंट पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 9 नवबंर 2014 को साझा किया गया है। इसके साथ ही यहां बताया गया है कि किस ऑफ लव, JNU चैप्टर JNU के गंगा ढाबा से लाइव समाचार अपडेट नई दिल्ली, भारत।
इसके बाद हमने कीवर्ड से सर्च किया। इस दौरान हमें इंडियाटीवी की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 8 नवबंर 2014 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि दिल्ली में “किस ऑफ़ लव” इवेंट के शुरू होने के एक दिन बाद, आज जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी कैंपस में भी ऐसा ही एक इवेंट हुआ। बड़ी संख्या में युवा, जिनमें ज़्यादातर छात्र थे, शाम 4.30 बजे गंगा ढाबा पर इकट्ठा हुए और मॉरल पुलिसिंग के विरोध में सबके सामने प्यार का इजहार किया। उन्होंने मॉरल पुलिसिंग के ख़िलाफ़ नारे लगाए और 2 नवंबर को कोच्चि में ‘किस ऑफ लव’ इवेंट के दौरान पुलिस की कार्रवाई का सामना करने वालों के साथ एकजुटता दिखाते हुए एक-दूसरे को गले लगाया और किस किया।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल मेंं वायरल वीडियो को 2014 का पाया है।








