पापा ने कह दिया है कि टेंशन मत लो, नीट निकलता है तो ठीक है। मैं फिर भी इसका प्रयास करना चाहता हूं। अगर सफल होता हूं तो… आप लोग यह वीडियो देखेंगे। नीट की तैयारी कर रहे प्रताप विहार के ए-ब्लॉक निवासी छात्र ने ये आखिरी शब्द बोलने के बाद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
भाई ने दी पुलिस को सूचना
छात्र ने आत्महत्या से पहले एक मिनट चार सेकंड का वीडियो भी बनाया, जिसमें पंखे पर लगा फंदा भी दिखाया। एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8:15 बजे ललित मोहन ने डायल-112 पर सूचना दी कि सेक्टर-9, प्रताप विहार के ए-ब्लॉक में उनके भाई जतिन कुमार (22) ने आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव फर्श पर पड़ा था और पंखे से बंधा फंदा टूट चुका था।
पुलिस के अनुसार परिजनों ने बताया कि जतिन नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उसकी परीक्षा 21 जून को होनी थी। बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे तक वह कमरे में टहलता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद परिजन सो गए। सुबह जब उसे जगाने गए तो वह फर्श पर मृत अवस्था में पड़ा मिला। एसीपी ने बताया कि जतिन के मोबाइल फोन की जांच में रात करीब 12 बजे बनाया गया एक वीडियो मिला।