![]()
किताबों से जानिए, कैसे अपनी बात को विनम्रता से रखते हुए भी स्पष्ट रहा जा सकता है… अपनी प्राथमिकताओं को महत्व दें
कई बार हम दूसरों को नाराज करने के डर से उन बातों के लिए भी हां कह देते हैं, जिन्हें हम करना नहीं चाहते। ऑफिस में अतिरिक्त काम हो, किसी की निजी मदद करनी हो या परिवार की कोई जिम्मेदारी, हम अपनी सुविधा के बारे में सोचे बिना हामी भर देते हैं। धीरे-धीरे यही आदत तनाव और थकान का कारण बन जाती है। हर बात पर हां कहना अच्छा इंसान होने की निशानी नहीं है। अपनी जरूरतों और प्राथमिकताओं को महत्व दें। कठोर न हों। अपनी बात को विनम्रता से रखते हुए भी स्पष्ट रहा जा सकता है। (द पावर ऑफ ए पॉजिटिव नो -विलियम उरी) जिंदगी में उत्साह बने रहना चाहिए
एक अच्छी जिंदगी केवल रोजमर्रा की जिम्मेदारियां पूरी करने से नहीं बनती है। जीवन में कोई ऐसा लक्ष्य जरूर होना चाहिए, जिसे हासिल करने की इच्छा आपको भीतर से प्रेरित करती रहे। यह लक्ष्य बड़ा या असाधारण ही हो, जरूरी नहीं। कोई नई भाषा सीखना, किताब लिखना, देश के अलग-अलग हिस्सों की यात्रा करना या किसी सामाजिक काम से जुड़ना भी लक्ष्य हो सकता है। जब आप किसी ऐसी चीज के पीछे लगातार मेहनत करते हैं, जो आपके लिए मायने रखती है, तो जिंदगी में एक नया उत्साह आता है। (द हैप्पीनेस ऑफ परस्यूट -क्रिस गिलिब्यू) तुलना दूसरों से नहीं, खुद से करें
अक्सर हम दूसरों की सफलता देखकर सोचते हैं कि उनमें कोई खास प्रतिभा है, जो हममें नहीं है। लेकिन किसी भी क्षेत्र में बेहतर बनने के लिए केवल प्रतिभा काफी नहीं होती। नियमित अभ्यास, धैर्य और अपनी गलतियों को सुधारने की इच्छा उतनी ही जरूरी है। शुरुआत में कोई भी काम मुश्किल लग सकता है। गलतियां होना भी स्वाभाविक है। हर दिन थोड़ा समय देकर अभ्यास करने से वही काम आसान होने लगता है। इसलिए अपनी तुलना दूसरों से करने के बजाय यह देखें कि आप कल के मुकाबले आज कितना बेहतर कर पाए हैं। (द लिटिल बुक ऑफ टैलेंट -डेनियल कॉयल) हर गलती आगे बढ़ने का अवसर है
जीवन में आगे बढ़ने के लिए हमेशा जीतना जरूरी नहीं है। कई बार हार और असफलता हमें वह सिखाती हैं, जो सफलता नहीं सिखाती। जब कोई काम उम्मीद के मुताबिक न हो, तो खुद को कमजोर समझने के बजाय यह सोचें कि इससे क्या सीखा जा सकता है। अपनी कमजोरियों को पहचानना और उन पर काम करना ही विकास का रास्ता है। जो मुश्किल परिस्थितियों में भी सीखना जारी रखता है, वह पहले से ज्यादा मजबूत बन जाता है। खुद को थोड़ा समय दें और हर गलती को आगे बढ़ने का अवसर मानें। (द आर्ट ऑफ लर्निंग -जोश वेट्जकिन)
Source link







