15 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

- माइक्रोसॉफ्ट सीईओ सत्या नडेला सबसे प्रभावशाली ग्लोबल इंडियंस की सूची में शामिल हुए हैं। लीडरशिप को लेकर उनके विचार, उन्हीं की जुबानी…
नेतृत्व एक विशेषाधिकार है और यह इस बात पर निर्भर करता है कि लीडर अनिश्चित और तेजी से बदलते समय में सबसे पहले स्पष्टता ला सकें। लीडर एनर्जी भी पैदा करते हैं। यह एक टीम तक सीमित नहीं है, बल्कि उन सभी लोगों तक है, जिन्हें बड़ी उपलब्धि हासिल करने के लिए एकजुट होना है। लीडर सीमाओं के बावजूद समाधान खोजने की क्षमता रखते हैं, वे जानते हैं किन बाधाओं को हटाया जाए। लीडरशिप का सबसे महत्वपूर्ण गुण है उस समय स्पष्टता लाना, जब कोई स्पष्टता नहीं होती। इसे अक्सर कम आंका जाता है। जब सब कुछ परिभाषित हो, आसान हो और सिर्फ बढ़िया अंदाज में लिखी गई योजना का पालन करना हो, तो लीडर की जरूरत नहीं है। लेकिन जब हालात अस्पष्ट हों और पूरी जानकारी उपलब्ध न हो, तभी लीडरशिप की असली परीक्षा होती है। अनिश्चित दौर और भविष्य में प्रवेश करके स्पष्टता लाने की किसी लीडर की क्षमता बेहद अहम है। जो लोग ऐसी स्थिति में आते हैं और यह स्पष्ट करते हैं कि अगला कदम क्या होना चाहिए, वे अमूल्य होते हैं। लीडर का दूसरा गुण है ऊर्जा पैदा करना। कोई आपके पास आएगा और कहेगा, “मैं अच्छा हूं, मेरी टीम भी अच्छी है, लेकिन मेरे आसपास सब कुछ खराब है।’ यहां आपका रोल ऊर्जा पैदा करना है। आपको विभिन्न लोगों से निपटना होगा। हर जगह एनर्जी पैदा करना एक महत्वपूर्ण कौशल है। आपको अपनी पूरी कोशिश करनी होगी, प्रेरणा फैलाना होगी और लोगों को अपने पीछे लाना होगा। तीसरा गुण लीडरशिप का है सीमित संसाधनों और कठिनाइयों के बीच सफलता हासिल करना। जीवन में हमारे सामने हमेशा सीमाएं होती हैं। आप यह नहीं कह सकते, “मैं इंतजार कर रहा हूं कि सारी बाधाएं हट जाएं… फिर मैं परफेक्ट हो जाऊंगा।’ जब लीडर कहते हैं, मैं यह नहीं कर पा रहा हूं क्योंकि बाहरी फैक्टर्स बाधा डाल रहे हैं, तो सच्चाई यह है कि सब कुछ बाहरी ही होता है। इसलिए, ये तीन गुण- स्पष्टता लाना, ऊर्जा पैदा करना और सीमाओं के बीच सफलता हासिल करना मुझे लगता है, नेतृत्व के असली गुण हैं।
सहानुभूति को केवल अपने तक सीमित न रखें हम सभी के अंदर सबसे स्वाभाविक चीज है खुद को दूसरों की जगह पर रखकर दुनिया को उनके नजरिए से देख पाना। इसे हम सहानुभूति कहते हैं। यही “डिजाइन थिंकिंग’ का मुख्य हिस्सा है। जब हम कहते हैं कि इनोवेशन का मतलब है बाजार की अनकही और अधूरी जरूरतों को पूरा करना, तो वास्तव में यह लोगों और संगठनों की अनकही और अधूरी जरूरतों को पूरा करने के बारे में है, क्योंकि संगठन भी लोगों से ही बनते हैं। इसके लिए गहरी सहानुभूति की जरूरत है। इनोवेशन का स्रोत है सहानुभूति। आपको संवेदना विकसित करने की जरूरत है। इसे अपने व्यक्तिगत जीवन तक सीमित न रखें। ये किसी प्रोडक्ट को डेवलप करने का भी अहम हिस्सा है। (विभिन्न इंटरव्यूज में सत्या नडेला)








