![]()
चेक रिपब्लिक की राजधानी प्राग एक ऐतिहासिक शहर है, जिसमें विंटेज का भी एहसास होता है। इसके मध्य में वल्तावा नदी बहती है, जो चार्ल्स ब्रिज के नीचे से गुजरती है और यहीं से प्राग की सैर की शुरुआत करना अच्छा रहता है। इस नदी पर कुल 18 पुल हैं। प्राग का पूरा ऐतिहासिक केंद्र यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है। यहां घूमते हुए ऐसा लगता है, जैसे समय में पीछे चले गए हों।
चार्ल्स ब्रिज :
इस ब्रिज पर और आसपास संतों की 30 विशाल प्रतिमाएं लगी हैं, जो इसे एक दार्शनिक आभा देती हैं। यह प्राग का सबसे पुराना पुल है। इसे पुराने क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर बनाया गया था। इसका निर्माण 1357 में शुरू हुआ और 1402 में पूरा हुआ। लोग पूरे पुल पर पैदल घूम सकते हैं। किनारे अनेक कलाकार बैठते हैं, जो आपका तुरंत कैरिकेचर बना सकते हैं। सूर्यास्त के समय यहां का दृश्य मनमोहक होता है। वल्तावा नदी में बोटिंग :
चार्ल्स ब्रिज के पास किनारे-किनारे बोट से सैर की जा सकती है। पानी से शहर को देखने का एक अलग ही अनुभव मिलता है। कई बोटों में शहर के बारे में कमेंटरी भी चलती रहती है। इनसे भी शहर का उत्कृष्ट परिचय मिलता है। सेंट निकोलस चर्च :
चार्ल्स ब्रिज के पास सेंट निकोलस का सुसज्जित बारोक चर्च स्थित है। इसका मुख्य गुंबद 20 मीटर व्यास का है और सुंदर चित्रकारी से सजा हुआ है। इसकी संकरी सीढ़ियां चढ़ते समय खिड़कियों से पुराने शहर और उसकी सुंदर छतों का शानदार दृश्य दिखाई देता है। यह चर्च 1732 से 1737 के बीच बनाया गया था। प्राग कैसल : 9वीं शताब्दी में स्थापित प्राग कैसल दुनिया का सबसे बड़ा किला परिसर है। लोग यहां घूमकर इसकी वास्तुकला का आनंद ले सकते हैं। इसके भीतर सेंट विटुस चर्च और सेंट जॉर्ज बेसिलिका स्थित हैं। परिसर में शानदार फव्वारों के साथ प्रभावशाली उद्यान भी है। शाही वर्दी में तैनात महल के प्रहरी इस स्थान की शोभा और बढ़ा देते हैं।
जॉन लेनन वॉल :
लेनन वॉल चमकीले रंगों से सजी एक भित्ति है, जिस पर प्रसिद्ध गायक जॉन लेनन का चित्र बना है। दीवार पर शांति के संदेश भी लिखे हैं। 1993 से पहले यह आत्म अभिव्यक्ति और लोकतंत्र की मांग का एक प्रमुख माध्यम बनी थी। दीवार के आसपास खुली बग्घी वाली पुरानी गाड़ियां सवारी कराती हैं। यह भी शहर घूमने का एक रोचक तरीका है। प्राग खगोलीय घड़ी :
ओल्ड टाउन स्क्वायर प्राग का ऐतिहासिक केंद्र है। यहां ओल्ड टाउन हॉल टावर, चर्च ऑफ आवर लेडी बिफोर टीन और जान हस स्मारक स्थित हैं। हालांकि इसका मुख्य आकर्षण प्राग की खगोलीय घड़ी है जो ओल्ड टाउन हॉल की दीवार पर लगी है। हर घंटे सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक घड़ी पर लगी आकृतियां चलती हैं। सप्ताहांत और त्योहारों के समय यहां स्थानीय बाजार भी लगते हैं। कांपा और लेटना पार्क : कांपा पार्क, जो चार्ल्स ब्रिज के पास है, नदी तक सीधी पहुंच देता है। यहां से शहर के सुंदर दृश्य दिखाई देते हैं। लोग घास पर आराम कर सकते हैं, सैर कर सकते हैं और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले सकते हैं। लेटना पार्क ऊंचाई पर स्थित हरा-भरा प्राकृतिक स्थल है। यहां से वल्तावा नदी पर बने पुलों और पुराने शहर का उत्कृष्ट दृश्य दिखाई देता है। यह स्थानीय लोगों में जॉगिंग, साइक्लिंग और विश्राम के लिए भी लोकप्रिय है। ———— ऐसे बनाएं यात्रा की योजना कैसे पहुंचें? प्राग पहुंचने के लिए कनेक्टिंग उड़ान लेनी होती है। कई विमान सेवाएं मध्य पूर्व या यूरोप के अन्य शहरों से प्राग तक उड़ान उपलब्ध कराती हैं। भारतीय यात्रियों को चेक गणराज्य जाने के लिए शेंगेन वीजा की आवश्यकता होती है। शहर के भीतर ट्राम, मेट्रो और बसों से युक्त उत्कृष्ट सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था है। कब जाएं? मार्च के अंत से अगस्त तक का मौसम अच्छा रहता है। सितंबर से नवंबर तक पतझड़ का मौसम होता है, जब सुंदर शरद ऋतु के रंग दिखाई देते हैं। दिसंबर में क्रिसमस के बाजार आकर्षक होते हैं। जनवरी और फरवरी ठंडे महीने होते हैं। यह ऑफ सीजन होता है। कहां ठहरें? पारंपरिक माहौल के लिए लोग ओल्ड टाउन में ठहरना पसंद करते हैं। चार्ल्स ब्रिज और कैसल डिस्ट्रिक्ट के आसपास के क्षेत्र भी पर्यटकों में लोकप्रिय हैं। शहर में अच्छी सार्वजनिक परिवहन सुविधा होने के कारण केंद्र से थोड़ा दूर ठहरना भी समान रूप से सुविधाजनक है।
Source link








