2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

नया साल सिर्फ तारीख बदलने का नाम नहीं है। यह खुद को समझने और बेहतर बनाने का मौका भी है। जब हम बीते साल से सीख लेते हैं, तो आने वाला साल अपने आप ही बेहतर हो जाता है। तो थोड़ा शांत समय निकालें, इस दौरान अपने बारे में सोचें और धीरे-धीरे आगे बढ़ें। यही एक अच्छा और संतुलित जीवन जीने की सही शुरुआत हो सकती है।
थोड़ा रुकें, सोचें और फिर आगे बढ़ें अक्सर हम भूल जाते हैं कि बीता साल क्या सिखाकर गया। अगर हम बीते समय को समझे बिना आगे बढ़ते हैं, तो पुरानी गलतियां दोहराते हैं। बीता साल याद करें, तो अपनी खूबियां और कमियां दोनों दिखेंगी। इसे कहते हैं ‘ईयर इन रिव्यू’… यानी साल की छोटी-सी समीक्षा।
स्टेप 1: थोड़ा ठहरना बेहद जरूरी है हम हमेशा जल्दी में रहते हैं, लेकिन थोड़ा रुकना अच्छा है। इससे हमें आगे बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है। अपनी गलतियों को पहचान लेते हैं, तो उनसे सीख मिलती है।
ये आसान सवाल खुद से पूछें:
– पिछले साल मैंने क्या सीखा? – मुझे किस बात पर खुशी हुई? – किसने आगे बढ़ने में मदद की? – मेरी कौन-सी आदतें काम आईं? – वह एक काम जो अलग तरह से किया जा सकता था, लेकिन नहीं किया गया। इन सवालों के जवाब लिख लें। इससे मन हल्का होगा और सोच साफ होगी।
स्टेप 2: दूसरों की राय भी जान लें कई बार दूसरे लोग हमें बेहतर समझते हैं। अपने किसी दोस्त, सहकर्मी या परिवार के सदस्य से बात करें। उनसे बीते साल के बारे में खुलकर चर्चा करें।
इन बातों पर भी बातचीत करें: – बीते साल का सबसे अच्छा और सबसे मुश्किल समय? – कब लगा कि आप अपना सबसे अच्छा काम कर रहे हैं? – कौन-सा डर आपको रोकता रहा? – बीते साल आपने सबसे अच्छा क्या पढ़ा, देखा या सीखा? ऐसी बातचीत से हमें खुद को समझने में बहुत मदद मिल सकती है।
स्टेप 3: आगे के लिए छोटा व स्पष्ट लक्ष्य हो अक्सर हम नया साल आते ही बहुत सारे संकल्प बना लेते हैं, लेकिन कुछ दिनों में सब भूल जाते हैं। छोटे और आसान लक्ष्य तय करें।
खुद से ही ये वाक्य पूरे करें: – आने वाले साल में मैं एक नई चीज सीखूंगा/सीखूंगी… – मैं एक अच्छी आदत अपनाऊंगा/अपनाऊंगी… – मैं किसी एक व्यक्ति से अपने भविष्य पर बात करूंगा/करूंगी… – मैं किसी की मदद करने की कोशिश करूंगा/करूंगी… इन बातों को लिखकर ऐसी जगह रखें, जहां आप उन्हें रोज देख सकें।








