![]()
व्यावसायिक लीडर्स स्वाभाविक रूप से जीत पर केंद्रित रहते हैं। लेकिन हार को गरिमा के साथ स्वीकार करना भी उतना ही आवश्यक है। हमें हार को ऐसे अनुभव के रूप में अपनाना चाहिए, जो परिवर्तन और विकास के लिए प्रेरित करते हैं। हमें ऐसे कार्यस्थल बनाने चाहिए जहां किसी को हारने पर ‘हारने वाला’ न माना जाए। नीचे दिए गए चार तरीके बताते हैं कि लीडर्स कैसे हार को सही ढंग से स्वीकार करना सिखा सकते हैं: 1. प्रतिस्पर्धा के क्षेत्र को बदलने की सोचें
स्टुअर्ट बटरफील्ड और उनकी टीम ने ग्लिच नामक मल्टीप्लेयर वीडियो गेम बनाने की कोशिश की थी। इस प्रोजेक्ट को सफलता नहीं मिली। इस दौरान टीम ने एक इंटरनल कम्युनिकेशन टूल बनाया। बटरफील्ड ने उसकी उपयोगिता को पहचान नए उत्पाद के रूप में विकसित किया। यही आगे स्लैक बना, जिसे बाद में सेल्सफोर्स ने 27.7 बिलियन डॉलर में खरीद लिया। कभी-कभी प्रतिस्पर्धा का क्षेत्र बदलना भी सफलता दिला सकता है। 2. दीर्घकालिक सफलता पर ज्यादा ध्यान दें
यदि आप अपने काम का आनंद लेते हैं और उसमें एक स्पष्ट उद्देश्य देखते हैं, तो आपका ध्यान केवल तात्कालिक जीत-हार पर नहीं, दीर्घकालिक सफलता और निरंतर प्रगति पर केंद्रित रहता है। ऐसे लोग चुनौतियों को भी सीखने के अवसर के रूप में देखते हैं। वे लीडर्स जो केवल प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि मिशन की भावना, अनोखी कार्यसंस्कृति और मजबूत टीम बनाने पर ध्यान देते हैं, वो अपने कर्मचारियों को लगातार प्रेरित करते हैं। ऐसे नेतृत्व में लोग केवल अच्छा काम ही नहीं करते, बल्कि पूरे समर्पण के साथ आगे भी बढ़ते हैं। 3. तेज या धीरे, असफलता के लिए तैयार रहें
स्टार्टअप संस्कृति ने दिखाया है कि जोखिम लेने और उद्यमिता के नाम पर ‘फास्ट फेल’ होना भी सीखने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। असफलता कई बार नई दिशा, बेहतर रणनीति और मजबूत वापसी का आधार बनती है। कभी-कभी हार बहुत धीरे भी आती है, जिससे आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की लागत बढ़ती है। ऐसे में लीडर्स को लोगों को भावनाओं को व्यक्त करने की जगह देनी चाहिए, ताकि टीम दोबारा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सके। 4. कब हार माननी है, यह जानना भी जरूरी
हार को स्वीकार करना विनम्रता और संवेदनशीलता दिखाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। यह एक परिणाम को मान लेना नहीं, आत्म-विश्लेषण और सीखने की प्रक्रिया भी है। यह जानने के लिए कि कब हार माननी है, लीडर्स को समझना चाहिए कि उनके निर्णय कहीं अहंकार, डर या ‘ऊपरी बढ़त बनाए रखने’ की इच्छा से प्रेरित न हों। वे कर्मचारियों और ग्राहकों के सर्वोत्तम हित में हों। लीडर्स ईमानदारी से अपनी स्थिति का मूल्यांकन करते हैं, तो वे सही निर्णय लेते हैं।
Source link








