सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक संकरी गली में लोगों की भारी भीड़ को दिखाया गया है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया गया है कि यह दृश्य उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले का है।
पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क की जांच में वायरल दावा फर्जी साबित हुआ। जांच में पता चला कि वायरल वीडियो का प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले से कोई संबंध नहीं है। मूल वीडियो उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के बरसाना स्थित राधा रानी मंदिर का है, जहां नए साल के मौके पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी।
दावा
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक यूजर ने 3 फरवरी को वायरल वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “व्यवस्था स्वर्णिम कुम्भ की अगर ऐसी व्यवस्था रहेगी तो भगदड़ तो मचे गा न”
वीडियो के अंदर टेक्स्ट में लिखा है, “प्रयागराज के गली में चलने का रास्ता तक नहीं लोग फंसे हुए हैं।” पोस्ट का लिंक, आर्काइव लिंक और स्क्रीनशॉट यहां क्लिक कर देखें।
सोशल मीडिया पर कई अन्य यूजर्स इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का लिंक यहां और यहां क्लिक कर देखें।
पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए डेस्क ने सबसे पहले InVid टूल की मदद से वीडियो के ‘की-फ्रेम्स’ निकाले और फिर इसे गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। इस दौरान पीटीआई को यह वीडियो ‘Vrindavan Devotee: Journey to Divine Bliss’ नामक यूट्यूब चैनल पर मिला।
डेस्क ने नोटिस किया कि यह वीडियो यूट्यूब चैनल पर 2 जनवरी 2025 को ‘राधा रानी मंदिर बरसाना|| नववर्ष दर्शन|| श्री जी दर्शन बरसाना’ शीर्षक के साथ अपलोड किया गया था। जबकि महाकुंभ मेला 2025 की शुरुआत 13 जनवरी को हुई है। पूरा वीडियो यहां क्लिक कर देखें।
पड़ताल के दौरान डेस्क को यह वीडियो ‘श्याम सुंदर गोस्वामी जी’ नाम के इंस्टाग्राम यूजर के अकाउंट पर भी मिला। उन्होंने 1 जनवरी 2025 को इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, “ये देखो क्या हाल हो रहा है बरसाना में 1 जनवरी को ? क्यों लोग भीड़ में आते हैं?” पूरा वीडियो यहां क्लिक कर देखें।
डेस्क ने वायरल वीडियो और इंस्टाग्राम पर मिले वीडियो की तुलना की और पाया कि दोनों वीडियो एक जैसे हैं। दोनों की तुलना का स्क्रीनशॉट यहां देखें।
यूजर के सोशल मीडिया अकाउंट को खंगालने पर हमें वायरल वीडियो से मिलता-जुलता एक और वीडियो मिला, जिसे अलग एंगल से शूट किया गया था। यूजर ने उसी दिन (1 जनवरी को) इस वीडियो को बरसाना का बताकर शेयर किया था।
उन्होंने वीडियो के कैप्शन में लिखा, “बरसाना में भीड़ में फंसे हुए लोग ! आज आए लोगो की व्यवस्था हो चुकी है भंग! भीड़ में हालत ख़राब है जगह जगह रास्ते बंद कर दिए हैं ? आने जाने का मार्ग एक कर दिया है?” पूरा वीडियो यहां क्लिक कर देखें।
‘श्याम सुंदर गोस्वामी’ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर खुद को बरसाना धाम स्थित राधा रानी मंदिर का सेवायत बताया है। उन्होंने 1 जनवरी 2025 को मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को दिखाने के लिए अपने फेसबुक पेज पर लाइव स्ट्रीम भी किया था, जिसे यहां क्लिक कर देखें।।
हमारी अब तक की जांच से यह साफ है कि वायरल हो रहे इस वीडियो का प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले से कोई संबंध नहीं है। मूल वीडियो उत्तर प्रदेश के बरसाना स्थित राधा रानी मंदिर का है, जहां नए साल के मौके पर श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे।
(This story was originally published by PTI as part of the Shakti Collective. Except for the headline and opening introduction para this story has not been edited by Amar Ujala staff)








